फ़ल्लूजा में आतंकियों पर इराक़ी बलों के कड़े प्रहार
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i14704-फ़ल्लूजा_में_आतंकियों_पर_इराक़ी_बलों_के_कड़े_प्रहार
फ़ल्लूजा में आतंकियों के मुक़ाबले में इराक़ी बलों का विजय अभियान निरंतर जारी है और उन्होंने इस नगर के बांध और कई आवासीय क्षेत्रों को दाइश के चंगुल से मुक्त करा लिया है।
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
Jun १५, २०१६ १६:०७ Asia/Kolkata

फ़ल्लूजा में आतंकियों के मुक़ाबले में इराक़ी बलों का विजय अभियान निरंतर जारी है और उन्होंने इस नगर के बांध और कई आवासीय क्षेत्रों को दाइश के चंगुल से मुक्त करा लिया है।

इराक़ी सेना, स्वयं सेवी बल और पुलिस के विशेष दस्ते फ़ल्लूजा के केंद्र की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने पश्चिमी फ़ल्लूजा में एक बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए फ़ुरात नदी पर बने हुए बांध को दाइश से मुक्त करा लिया है। इराक़ी बलों ने इससे पहले रणनैतिक महत्व के करमा और सक़लाविया क्षेत्रों को स्वतंत्र कराया था। इराक़ी बलों ने दक्षिणी फ़ल्लूजा के कई आवासीय क्षेत्रों से दाइश के आतंकियों को खदेड़ कर वहां इराक़ का ध्वज फहरा दिया है। इराक़ की फ़ेडरल पुलिस के प्रमुख राएद शाकिर ने बताया है कि सुरक्षा बलों के हमलों में बड़ी संख्या में आतंकी मारे गए हैं और उनके द्वारा लगाए गए बमों और बारूदी सुरंगों को निष्क्रिय बना दिया गया है।

 

इराक़ के प्रधानमंत्री ने भी फ़ल्लूजा की स्वतंत्रता तक अभियान जारी रखने पर बल दिया है। हैदर अलएबादी ने मंत्री मंडल की बैठक में कहा कि अलअंबार प्रांत के केंद्र फ़ल्लूजा को आतंकी गुट दाइश से मुक्त कराने का अभियान पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शहर की स्वतंत्रता तक पूरी दृढ़ता के साथ जारी रहेगा। फ़ल्लूजा की मुक्ति का अभियान 23 मई से आरंभ हुआ है और इसमें सेना के अलावा स्वयं सेवी बल, पुलिस बल और क़बायली बल भाग ले रहे हैं। इस अभियान के अंतर्गत करमा और सक़लाविया जैसे रणनैतिक महत्व के शहरों के अलावा 47 गांवों को भी इराक़ी बल मुक्त करा चुके हैं। (HN)