फ़ल्लूजा में इराक़ी सेना की सफलताओं का क्रम जारी
इराक़ के रक्षा मंत्री ने कहा है कि फ़ल्लूजा में सेना की सफलताओं का क्रम जारी है।
ख़ालिद अल उबैदी ने कहा कि इराक़ी सेना अपनी बढ़त जारी रखते हुए इस समय दक्षिणी फ़ल्लूजा के नज़ाल क्षेत्र में पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि नैनवा प्रांत में भी सेना ने नस्र नामक गांव को आतंकियों से मुक्त करा लिया है और उन्हें भारी क्षति पहुंचाने के बाद अब सलाहिया नामक गांव की ओर बढ़ रही है।
इराक़ की फ़ैडरल पुलिस के प्रमुख राएद शाकिर जौदत ने भी फ़ल्लूजा की मुक्ति का अंतिम चरण शुरू होने पर बल देते हुए कहा है कि नगर में असैनिकों की उपस्थिति के कारण, अभियान धीमी गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि सिर्फ़ एक दिन में फ़ल्लूजा का 25 प्रतिशत से अधिक केंद्रीय भाग पूरी तरह से स्वतंत्र हो चुका है और इस दौरान 194 आतंकी मारे गए जबकि बहुत से फ़रार हो गए हैं। (HN)