दक्षिणी फ़ल्लूजा में 450 कार बम तबाह किए गए
पश्चिमी इराक़ के अंबार प्रांत के फ़ल्लूजा शहर में 450 कार बम तबाह कर दिये गए।
इराक़ के अंबार प्रांत के पुलिस प्रमुख ने इस बात की सूचना दी है कि 450 एेसे वाहनों को नष्ट कर दिया गया जिनपर विस्फोटक पदार्थ लगे हुए थे और जिन्हें विस्फोट कार्यवाहियों के लिए प्रयोग किया जाना था।
सूमरिया न्यूज़ के अनुसार, अंबार प्रांत के पुलिस प्रमुख हादी ज़रीज ने बुधवार को बताया कि सेना और क़बायली बल ने दक्षिणी फ़ल्लूजा के आमेरिया इलाक़े पर दाइश के हमले की कोशिश को नाकाम बनाते हुए 450 कार बम को तबाह कर दिया।
समाचार एजेंसी अलअहद ने भी बताया है कि इराक़ी स्वंयसेवी बलों ने पश्चिमोत्तरी प्रांत सलाहुद्दीन में दाइश के ख़िलाफ़ कार्यवाही जारी रखते हुए शरक़ात क्षेत्र में दरआत गांव और तलूल अलबाज इलाक़े को आज़ाद कराया।
इराक़ के आतंकवाद निरोधक बल के कमान्डर अब्दुल ग़नी अलअसदी ने बताया कि सलाहुद्दीन प्रांत के उत्तरी भाग में स्थित शरक़ात क्षेत्र के तलूल अलबाज इलाक़े पर नियंत्रण करने के बाद इस इलाक़े से आतंकियों का सफ़ाया शुरु हो गया है।
अलअसदी ने कहा कि इराक़ी बल नैनवा प्रांत के शरक़ात मार्ग को स्वतंत्र करा कर सलाहुद्दीन प्रांत में स्थित क़य्यारा छावनी के क़रीब पहुंचने में सफल हुए। (MAQ/N)