फ़िलिस्तीनियों की भूमि हड़पने की इस्राईल की नई चाल
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i19891-फ़िलिस्तीनियों_की_भूमि_हड़पने_की_इस्राईल_की_नई_चाल
फ़िलिस्तीन स्वतंत्रता संगठन पीएलओ ने कहा है कि इस्राईल अतिग्रहित पश्चिमी तट में ज़्यादा से ज़्यादा निजी भूमि ज़ब्त करके पूरे फ़िलिस्तीनी क्षेत्र को हड़पना चाहता है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Aug ०७, २०१६ ०८:३८ Asia/Kolkata
  • 18 मार्च 2016 की इस तस्वीर में, पश्चिमी तट के रामल्ला शहर के पूर्वी भाग में, अवैध अमोना सीमांत बस्ती की इमारतें दिखाई दे रही हैं
    18 मार्च 2016 की इस तस्वीर में, पश्चिमी तट के रामल्ला शहर के पूर्वी भाग में, अवैध अमोना सीमांत बस्ती की इमारतें दिखाई दे रही हैं

फ़िलिस्तीन स्वतंत्रता संगठन पीएलओ ने कहा है कि इस्राईल अतिग्रहित पश्चिमी तट में ज़्यादा से ज़्यादा निजी भूमि ज़ब्त करके पूरे फ़िलिस्तीनी क्षेत्र को हड़पना चाहता है।

शनिवार को पीएलओ के राष्ट्रीय ब्यूरो की ओर से जारी बयान में, तेल अविव शासन की केन्द्रीय वेस्ट बैंक में स्थित अवैध अमोना सीमांत बस्ती ख़ाली करने वालों को पास में निजी फ़िलिस्तीनी भूमि में बसाने की योजना को ख़तरनाक बताया है।

पीएलओ ने कहा कि इस अभूतपूर्व क़दम का लक्ष्य फ़िलिस्तीनियों की ज़्यादा से ज़्यादा भूमि को हड़पना है।

 

हाल में इस्राइली मीडिया ने सूचना दी थी कि अमोना सीमांत बस्ती ख़ाली करने वालों को दूसरे स्थान पर बसाने की ज़िम्मेदारी संभालने वाली कमेटी ने, यह सुझाव दिया कि इस सीमांत बस्ती के निकट ही फ़िलिस्तीनियों की निजी भूमि को 3 साल की लीज़ पर ले लिया जाए और बाद में लीज़ की मुद्दत बढ़ा दी जाए।

 

इस फ़िलिस्तीनी भूमि पर 140 के क़रीब अवैध आवासीय इकाइयों के निर्माण की योजना है जिनमें से 40 इकाइयां उन लोगों के लिए आरक्षित हैं जो अवैध अमोना बस्ती ख़ाली करेंगे। इन भूमियों के फ़िलिस्तीनी मालिक रिपोर्ट के अनुसार, विदेश में रहते हैं।

 

इस्राईली सुप्रीम कोर्ट ने अमोना बस्ती को अवैध क़रार देते हुए 2016 के अंत तक सभी 41 आवासीय इकाइयों को ध्वस्त करने का आदेश दिया है।

 

दूसरी ओर अतिग्रहित पश्चिमी तट के उत्तरी भाग में फ़िलिस्तीनी प्रदर्शनकारियों और इस्राइली सैनिकों के बीच झड़प हुयी जिसमें क़रीब 18 फ़िलिस्तीनी घायल हुए।

फ़िलिस्तीन रेड क्रेसन्ट सोसायटी के अनुसार, शनिवार को देर रात नाबलुस के दक्षिण-पूर्व में स्थित बूरीन और बीटा गांवों में यह झड़पें हुयीं। घायल होने वालों में एक फ़िलिस्तीनी की स्थिति चिंताजनक बतायी जाती है।(MAQ/N)