पश्चिमी मूसिल की स्वतंत्रता के लिए सेना तैयार
इराक़ी सेना के युद्धक विमानों ने देश के पश्चिमी प्रांत अंबार में आतंकी गुट दाइश के ठिकानों को निशाना बनाया जिसके दौरान दाइश के ठिकाने तबाह हो गये।
इराक़ी सेना के वाॅर मीडिया विभाग ने एक बयान जारी करके कहा कि सेना के युद्धक विमानों ने गुरूवार को अंबार प्रांत के मरुस्थलीय क्षेत्र रवाह के उत्तरी भाग में दाइश के ठिकानों पर दो बार बमबारी की जिसके दौरान दसियों आतंकियों के मारे जाने की सूचना है।
इराक़ी सेना ने गुरूवार को अंबार प्रांत के पश्चिमी क्षेत्रों को स्वतंत्र कराने की कार्यवाही आरंभ की है। उधर इराक़ के स्वयं सेवी बल के कमान्डर अहमद अलअसदी ने कहा कि सेना और स्वयं सेवी बल नैनवा प्रांत के दक्षिणी मूसिल सिटी के तल अतबा सहित अन्य क्षेत्रों की कार्यवाही आरंभ करने के लिए तैयार है।
उधर अलमयादीन टीवी चैनल ने बग़दाद के सद्र सिटी और बलदियात क्षेत्र में दो आतंकी धमाकों की सूचना दी है। इसी मध्य आतंकी संगठन दाइश ने पूर्वी बग़दाद के अलअबीदी क्षेत्र में होने वाले कार बम धमाके की ज़िम्मेदारी स्वीकार कर ली है। इस धमाके में आठ लोग हताहत और 15 अन्य घायल हुए थे। (AK)