अबू बक्र अलबग़दादी का ठिकाना पता चला !!!
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i36047-अबू_बक्र_अलबग़दादी_का_ठिकाना_पता_चला_!!!
इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी का कहना है कि दाइश के सरग़ना अबू बक्र अलबग़दादी के छिपने के स्थान का पता चल गया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Feb ०७, २०१७ १७:०६ Asia/Kolkata
  • अबू बक्र अलबग़दादी का ठिकाना पता चला !!!

इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी का कहना है कि दाइश के सरग़ना अबू बक्र अलबग़दादी के छिपने के स्थान का पता चल गया है।

पार्स टूडे की रिपोर्ट के अनुसार इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने कहा कि आतंकवादी गुट दाइश को भीषण पराजय का सामना करना पड़ा है और इस गुट के नियंत्रण वाले क्षेत्रों में कमी आयी है और उनकी बहुत अधिक शक्ति भी कम हो गयी है।

हैदर अलएबादी ने यह बयान करते हुए कि पश्चिमी मूसिल की स्वतंत्रता का अभियान भी शीघ्र ही आरंभ होने वाला है, कहा कि सामरिक दृष्टि से दाइश इराक़ में पराजित हो चुका है और इस गुट के अधिकतर सरग़ना अबू बक्र अलबग़दादी को छोड़कर चले गये हैं और इराक़ी अधिकारियों को बग़दादी के गुप्त ठिकाने का पता चल गया है।

उनका कहना था कि विजय निकट है और नैनवा प्रांत और इराक़ की समस्त धरती शीघ्र ही आतंकी गुट दाइश के चंगुल से स्वतंत्र हो जाएगी।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले रेडियो तेहरान ने कुछ इराक़ी सूत्रों के हवाले से दाइश के सरग़ना अबू बक्र अलबग़दादी के मारे जाने की सूचना दी थी। अभी हाल ही में यमन की अलक़ायदा शाखा के सरग़ना ने भी इस बात की पुष्टि की थी कि अबू बक्र अलबग़दादी मारा जा चुका है।

ज्ञात रहे कि इराक़ी प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने 25 जनवरी 2017 को पूर्वी मूसिल की स्वतंत्रता की सूचना दी थी और इराक़ी बलों से कहा था कि वह अन्य क्षेत्रों की शीघ्र स्वतंत्रता के लिए तैयार रहें। (AK)