सीरिया, अमरीकी हवाई हमले में सैकड़ों आम नागरिक हताहत
एक ग़ैर सरकारी संगठन ने गुरुवार को बताया कि रक़्क़ा शहर में दाइश के विरुद्ध तथाकथित अमरीकी गठबंधन के हमले में कम से कम 224 आम नागरिक मारे गये हैं।
सीरिया में मानवाधिकार पर नज़र रखने वाले इस ग़ैर सरकारी संगठन ने घोषणा की है कि रक़्क़ा शहर पर दाइश विरोधी तथाकथित अमरीकी गठबंधन के हमले में मारे गये 224 लोगों में 38 बच्चे और 28 महिलाएं भी शामिल हैं।
इस संगठन के प्रबंधक रामी अब्दुर्रहमान ने घोषणा की है कि इस शहर पर अमरीकी गठबंधन के अन्य हमलों में होने वाले जानी नुक़सान के बारे में आंकड़े प्राप्त नहीं हो सके हैं।
आतंकवादी गुट दाइश ने 2014 में रक़्क़ा शहर पर क़ब्ज़ा कर लिया था जिसे इस गुट ने अपनी राजधानी घोषित कर दी थी। बैरूत से फ़्रांस प्रेस के अनुसार रक़्क़ा शहर में दसियों हज़ार नागरिक फंसे हुए हैं जिन्हें दाइश के आतंकी मानवीय ढाल के रूप में प्रयोग कर रहे हैं। (AK)