पूर्वी हुम्स में दाइश के आतंकी सेना के घेरे में
सीरिया की सेना और उसके घटक बलों ने हुम्स के पूर्वोत्तरी क्षेत्र के उपनगरीय इलाक़े में दाइश के आतंकियों को अपने घेरे में ले लिया है।
अलमनार टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार सीरिया की सशस्त्र सेना ने गुरुवार को हमा प्रांत के पूरब में स्थित जेनी अलबावी शहर को आतंकवादी गुट दाइश के नियंत्रण से स्वतंत्र करा लिया। सेना की इस कार्यवाही में बड़ी संख्या में आतंकवादी मारे गये और घायल हो गये।
सीरिया की सेना ने इसी प्रकार हलब शहर को जोड़ने वाले एक मात्र मार्ग का परिवेष्टन तोड़ने के लिए आतंकियों के हमले को विफल बना दिया। दूसरी ओर कुर्द डेमोक्रोटिक सेना और दाइश के आतंकियों के बीच रक़्क़ा में भीषण झड़पें जारी हैं जिसमें दाइश के 24 आतंकी मारे गये और घायल हुए।
इसी प्रकार सीरिया और लेबनान की सीमा पर सीरिया की सेना और उसके घटक बलों का अभियान जारी है और सीरिया की सेना और घटक बल हलीमा क्षेत्र की ओर बढ़ रहे हैं। उधर लेबनान की सेना भी रासे बालाबक की पहाड़ियों पर दाइश का यथावत परिवेष्टन जारी रखे हुए है।
सीरिया की सेना ने इसी प्रकार लेबनान से लगे कई सीमावर्ती क्षेत्रों को स्वतंत्र करा लिया है। (AK)