अमरीकी राष्ट्रपति की धूर्ततापूर्ण योजनाओं का फ़िलिस्तीनियों की ओर से विरोध
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i49225-अमरीकी_राष्ट्रपति_की_धूर्ततापूर्ण_योजनाओं_का_फ़िलिस्तीनियों_की_ओर_से_विरोध
अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प द्वारा स्वाधीन फ़िलिस्तीन देश के गठन समेत फ़िलिस्तीनियों के अधिकारों को व्यर्थ करने की योजनाओं का फ़िलिस्तीनियों ने कड़ा विरोध किया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Sep १५, २०१७ १२:३० Asia/Kolkata

अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प द्वारा स्वाधीन फ़िलिस्तीन देश के गठन समेत फ़िलिस्तीनियों के अधिकारों को व्यर्थ करने की योजनाओं का फ़िलिस्तीनियों ने कड़ा विरोध किया है।

पीएलओ ने इस्राईल और फ़िलिस्तीन के बीच टकराव को रोकने के लिए अमरीकी राष्ट्रपति के तथाकथित समाधानों को ख़ारिज करते हुए कहा है कि ये समाधान ज़ायोनी शासन के पक्ष में हैं। पीएलओ ने अपनी एक बैठक में "अस्थायी सीमाओं वाला एक देश" या "दो सरकारों वाला एक देश" नामक योजनाओं का विरोध करते हुए कहा है कि इससे इस्राईल के अतिग्रहण में वृद्धि होगी। अमरीका की ओर से फ़िलिस्तीनियों के लिए वैकल्पिक देश या फिर बिना बैतुल मुक़द्दस के स्वतंत्र फि़लिस्तीन देश जैसी षड्यंत्रकारी योजनाओं को फिर से पेश करने से पता चलता है कि अमरीका, फ़िलिस्तीनी राष्ट्र से कितनी दुश्मनी रखता है और फ़िलिस्तीनियों को अपने देश में जीवन बिताने के अधिकार से ही वंचित कर देना चाहता है।

 

फ़िलिस्तीन देश के स्वरूप के बारे में अमरीका व ज़ायोनी शासन की योजनाएं फ़िलिस्तीनियों के ख़िलाफ़ ख़तरनाक षड्यंत्रों को रेखांकित करती हैं। अमरीका इस प्रकार की धूर्ततापूर्ण योजनाएं पेश करके फ़िलिस्तीन के अधिकांश क्षेत्रों पर ज़ायोनी शासन के क़ब्ज़े को मज़बूत बनाने के साथ ही फ़िलिस्तीन और मध्यपूर्व में अपने अवैध लक्ष्यों को साधने की कोशिश में है। इन हालात में फ़िलिस्तीनियों के अधिकारों की प्राप्ति और स्वाधीन फ़िलिस्तीन देश के गठन को व्यवहारिक बनाने के लिए समग्र व ठोस योजनाओं और उनके भरपूर समर्थन की ज़रूरत है ताकि ज़ायोनी शासन और उसके समर्थकों को फ़िलिस्तीनियों के अधिकारों को मानने पर विवश किया जा सके। राजनैतिक टीकाकारों का मानना है कि अतिग्रहण की छाया में बनने वाली फ़िलिस्तीन की सरकार या वह सरकार जिसकी फ़िलिस्तीनी पहचान हल्की हो, एेसी सरकार होगी जिसके आधार कमज़ोर होंगे और वह बैतुल मुक़द्दस की राजधानी वाले स्वाधीन फ़िलिस्तीन देश के गठन में सफल नहीं हो सकेगी। इस बात ने फ़िलिस्तीनियों को अमरीकी राष्ट्रपति की धूर्ततापूर्ण योजनाओं की ओर से अधिक सजग कर दिया है। (HN)