सीरिया इराक़ी कुर्दिस्तान की स्वाधीनता के रिफ़्रेंडम का विरोधी
सीरिया के विदेश मंत्री ने कहा है कि उनका देश, इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र की स्वाधीनता के लिए प्रस्तावित जनमत संग्रह का विरोधी है।
वलीद मुअल्लिम ने इराक़ के विदेश मंत्री इब्राहीम जाफ़री से संयुक्त राष्ट्र संघ की महासभा के अधिवेशन के अवसर पर होने वाली मुलाक़ात में कहा कि दमिश्क़ इराक़ी कुर्दिस्तान की स्वाधीनता के रिफ़्रेंडम के आयोजन को ख़ारिज करता है। उन्होंने इसी तरह इराक़ के विदेश मंत्री को दमिश्क़ यात्रा का निमंत्रण दिया और कहा कि इस प्रकार के दौरे द्विपक्षीय संबंधों में नए क्षितिज खोलते हैं।
दोनों पक्षों ने इस मुलाक़ात में विभिन्न क्षेत्रों विशेष कर आतंकवाद से संघर्ष के मैदान में आपसी सहयोग व समन्वय पर बल देते हुए कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा व स्थिरता को मज़बूत बनाने में मदद मिलेगा। ज्ञात रहे कि इराक़ की सरकार, राजनैतिक दल, क्षेत्रीय सरकारें, अंतर्राष्ट्रीय संगठन और बड़ी ताक़तें इराक़ी कुर्दिस्तान की स्वाधीनता के रिफ़्रेंडम के आयोजन का विरोध कर रही हैं जबकि इस क्षेत्र के प्रमुख मसऊद बारेज़ानी इसके आयोजन पर अड़े हुए हैं। (HN)