ईरान, सऊदी अरब यमन में युद्ध अपराध अंजाम दे रहा है
ईरान ने यमन में आवासीय इलाक़ों पर सऊदी हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासमी ने सोमवार को कहा कि यमन में आवासीय इलाक़ों पर भीषण बमबारी से यह साबित होता है कि सऊदी अरब और उसके घटक देश अपने लक्ष्यों को साधने में विफल हो गए हैं।
ग़ौरतलब है कि सोमवार की सुबह, सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने यमन के हज्जा प्रांत में शादी के एक समारोह पर बमबारी करके 7 लोगों को मौत के घाट उतार दिया।
सऊदी युद्धक विमानों के इस हमले में कम से कम 15 लोग घायल भी हुए हैं।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का कहना था कि सऊदी अरब इस तरह के युद्ध अपराध विश्व की कुछ बड़ी लेकिन ग़ैर ज़िम्मेदार शक्तियों की मदद से अंजाम दे रहा है।
क़ासमी ने संयुक्त राष्ट्र संघ और विश्व समुदाय से मांग की है कि यमन पर सऊदी हवाई हमलों को तुरंत बंद करवाया जाए और आम नागरिकों विशेषकर बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा को सुनिश्चित बनाया जाए। msm