यमनी सेना का दक्षिणी सऊदी अरब पर मीज़ाइल हमला
यमन की सेना और स्वयं सेवी बलों की मीज़ाइल यूनिट ने शुक्रवार की सुबह दक्षिणी सऊदी अरब के असीर प्रांत के सैन्य ठिकाने पर मीज़ाइल फ़ायर किया है।
अलआलम टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार यमनी सेना और स्वयं सेवी बलों की मीज़ाइल इकाई ने अपने एक बयान में कहा है कि एक मीज़ाइल से असीर में सऊदी अरब के सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया गया है।
इससे पहले यमनी सेना के प्रवक्ता शरफ़ लुक़मान ने कहा था कि यमनी सेना की मीज़ाइल यूनिट के निशाने पर तब सऊदी अरब के सैन्य ठिकाने और आर्थिक प्रतिष्ठान रहेंगे जब तक सऊदी अरब के हमले यमन पर बंद नहीं होते।
सऊदी अरब और उसके घटकों के व्यापक परिवेष्टन के बावजूद हालिया दिनों में यमनी सेना और स्वयं सेवी बलों की रक्षा शक्ति में दिन प्रतिदिन वृद्धि होती जा रही है।
यह ऐसी हालत में है कि यमन के रक्षा मंत्रालय ने रविवार रात बताया कि सऊदी अरब के हमलों के जवाब में यमनी सेना और स्वंयसेवी बल ने दक्षिणी सऊदी अरब के सीमावर्ती क्षेत्र जीज़ान में तवाल पास में सऊदी अरब के भाड़े के सैनिकों के कैंप पर ज़िलज़ाल-1 बैलिस्टिक मीज़ाईल मारा।
यमन पर सऊदी अरब के हमले 26 मार्च 2015 से जारी हैं। इन हमलों में अब तक हज़ारों बेगुनाह यमनी हताहत, दसियों हज़ार घायल और दसियों लाख विस्थापित हुए। इसी तरह सऊदी अरब के हमलों में यमन की मूल सुविधाओं को बहुत भारी नुक़सान पहुंचा है। सऊदी अरब के हमलों और यमन की नाकाबंदी के कारण, यह देश संक्रामक बीमारियों सहित मानव त्रासदी का सामना कर रहा है। (AK)