पश्चिमी तट में 1 फ़िलिस्तीनी शहीद
अतिग्रहित पश्चिमी तट में ज़ायोनी सैनिकों के साथ झड़प में 1 फ़िलिस्तीनी शहीद हुआ।
अलआलम के अनुसार, फ़िलिस्तीन के अस्पताल सूत्रों ने बताया कि 21 साल के मोहम्मद महमूद सअद बशारात को बुधवार को पश्चिमी तट में झड़प के दौरान सीने में गोली लगी जिससे वह शहीद हो गए। इस झड़प में 11 फ़िलिस्तीनी घायल भी हुए।
ज़ायोनी सैनिकों ने पश्चिमी तट के पूर्वी नाबुलस में स्थित सालिम इलाक़े पर चढ़ाई की जिसके दौरान फ़िलिस्तीनियों से उनकी झड़प हुयी।
ज़ायोनी सैनिकों ने मंगलवार को भी दक्षिणी अलख़लील के कफ़्र क़लील शहर पर चढ़ाई की थी जिसके दौरान फ़िलिस्तीनियों से उनकी झड़प हुयी। इस झड़प में 1 ज़ायोनी सैनिक घायल हुआ जबकि कई फ़िलिस्तीनी आंसू गैस के गोले की वजह से दम घुटने का शिकार हुए।
मंगलवार को ग़ज़्ज़ा पट्टी के दैरुल बलह इलाक़े पर ज़ायोनी सैनिकों ने चढ़ाई की थी जिसमें 1 फ़िलिस्तीनी शहीद और 7 अन्य घायल हुए।
ग़ौरतलब है कि हालिया कई महीनों से ग़ज़्ज़ा पट्टी में "वतन वापसी का अधिकार" नामक रैली व धरना प्रदर्शन जारी है, जिसमें बड़ी संख्या में फ़िलिस्तीनी भाग ले रहे हैं। यह शांतिपूर्ण रैली पिछले 30 मार्च से शुरु हुयी जो अब तक जारी है। मार्च से अब तक 200 से ज़्यादा फ़िलिस्तीनी ज़ायोनी सैनिकों की फ़ायरिंग में शहीद और लगभग 22000 घायल हुए हैं। (MAQ/N)