इराक़ में सम्मेलन और शीर्षकः शुक्रिया ईरान!
इराक़ के सुरक्षा सलाहकार ने दाइश के आतंकवादियों के खिलाफ युद्ध के दौरान, ईरान की ओर से व्यापक सहायता पर आभार प्रकट किया है।
इराक के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार फालेह अल फैयाज़ ने " ईरान का आभार" शीर्षक के अंतर्गत आयोजित सम्मेलन में इराक़ी प्रधानमंत्री की ओर से भाग लेते हुए कहा कि दाइश के खिलाफ युद्ध और आतंकवादियों के खिलाफ विजय में इराक़ की मदद करने वालों में ईरान सब से आगे रहा है और इराक़ी प्रधानमंत्री आदिल अब्दुल मेहदी दाइश के खिलाफ युद्ध में ईरान की मदद पर आभारी हैं।
अल फैयाज़ ने बल दिया कि दाइश के खिलाफ युद्ध में ईरानी शहीदों ने अत्याधिक खूबसूरत बलिदान पेश किया और इराक़ किसी भी दशा में इस्लामी गणतंत्र ईरान की मदद को भूल नहीं सकता।
इस सम्मेलन के लिए अपने एक संदेश में इराक़ी राष्ट्रपति बरहम सालेह ने भी आतंकवादी संगठन, दाइश के खिलाफ ईरानी जनता और सरकार की साहसिक भूमिका पर आभार प्रकट करते हुए आशा प्रकट की है कि इराक़, शांति और पुनिर्निमाण काल में ईरान के उपकार का बदला देगा।
" ईरान का आभार" शीर्षक के अंतर्गत एक सम्मेलन बुधवार को बगदाद में आयोजित हुआ जिसमें दाइश के खिलाफ युद्ध में शहीद होने वाले ईरानी सलाहकारों के परिजनों ने भी भाग लिया। (Q.A.)