अमरीका फिर उत्तरी कोरिया से वार्ता का इच्छुक
अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडन के विशेष दूत ने उत्तरी कोरिया से पुनः वार्ता आरंभ करने की इच्छा जताई है।
पीटीआई के अनुसार उत्तरी कोरिया के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के विशेष दूत सुंग किम ने सोमवार को कहा कि वह उत्तरी कोरियाई के साथ कहीं भी और किसी भी समय वार्ता के लिए तैयार हैं।
किम ने यह बात उत्तरी कोरिया के साथ रुकी हुई परमाणु वार्ता को लेकर दक्षिण कोरिया के अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श के दौरान कही।
अमरीकी राष्ट्रपति के विशेष दूत ऐसे समय में दक्षिणी कोरिया आए हैं जब उत्तर कोरिया के साथ वार्ता जल्द बहाल होने की उम्मीद कम होती जा रही है। इसका मुख्य कारण यह है कि अमेरिका एवं दक्षिण कोरिया के बीच जारी संयुक्त सैन्य अभ्यास के कारण तनाव पैदा हो गया है।उत्तर कोरिया ने इस सैन्य अभ्यास को आक्रमण का अभ्यास बताते हुए जवाबी कार्रवाई की धमकी दी है।
दक्षिण कोरिया के वरिष्ठ राजनयिक नोह क्यू-डुक के साथ बैठक के बाद अमरीकी राष्ट्रपति के विशेष दूत किम ने दोहराया कि उत्तरी कोरिया के खिलाफ बाइडन का कोई शत्रुतापूर्ण इरादा नहीं है। उन्होंने कहा कि संयुक्त अभ्यास, नियमित एवं रक्षात्मक प्रकृति का है।
याद रहे कि विगत में अमेरिका और उत्तर कोरिया के बीच वार्ता उस समय किसी परिणाम तक नहीं पहुंच सकी जब अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के बीच 2019 में शिखर वार्ता हुई थी। शिखर वार्ता में अमेरिका ने उत्तर कोरिया की परमाणु क्षमताओं में आंशिक कमी के बदले व्यापक स्तर पर आर्थिक प्रतिबंध हटाए जाने की उसकी मांग खारिज कर दी थी।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए