ईडा तूफान से अमरीका में 43 लोगों की मौत
अमरीका में आने वाले तूफ़ान ईडा के कारण इस देश के 4 राज्यों में कम से कम 43 लोगों की मौत हो गई।
न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार ईडा तूफान के कारण न्यूयार्क, न्यूजर्सी, पेंसिलवेनिया और कनेक्टिकट राज्यों में 15 हज़ार से अधिक घरों की बिजली कट गई। तूफान के कारण अमरीका के कई हिस्सों में आपातकाल की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। इस तूफ़ान में कम से कम 43 लोग मारे गए हैं। तूफान के कारण होने वाली भारी वर्षा से कई वाहन पूरी तरह से डूब गए और घरों के अंदर पानी भर गया। ईडा तूफान इतना भयंकर था कि इसके कारण सोमवार को अमरीका के लोइज़ियाना राज्य में दस लाख से अधिक घरों की बजली चली गई थी।
न्यूयार्क के एफडीआर ड्राइव और ब्रोंक्स रिवर पार्कवे बुधवार देर शाम तक जलमग्न थे। सबवे स्टेशनों और पटरियों पर बाढ़ का इतना पानी आ गया कि मेट्रोपालिटन ट्रांसपोर्टेशन आथोरिटी ने सभी सेवाओं को निलंबित कर दिया। न्यूयार्क के मेयर बिल डी ब्लासियो ने बुधवार को ही यहां आपातकाल की स्थिति घोषित करते हुए बताया था कि शहर में भारी बारिश के कारण भयंकर बाढ़ के हालात बन चुके हैं। यहां तूफान के कारण हो रही बारिश से आए बाढ़ के पानी में वाहन डूब गए और घरों में पानी भर गया है।
न्यूयार्क में तूफान के कारण हालात भयावह हैं। शहर के अधिकांश सबवे सर्विस भारी बाढ़ के कारण बंद हो चुकी हैं। न्यूजर्सी में नीवार्क लिबर्टी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर फ्लाइट भी निरस्त कर दी गई। न्यूजर्सी ट्रांजिट ने सभी रेल सेवाएं बंद कर दीं। न्यूयार्क सिटी के मेयर बिल डि ब्लासियो ने लोगों से अपील की कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें अभी सड़क पर न निकलें।