कांग्रेस पर हमले के लिए ट्रम्प ने लोगों को उकसाया
अमरीका के तीन पुलिस कर्मियों ने शिकायत की है कि कांग्रेस की इमारत पर हमला करने का कारण ट्रम्प द्वारा अपने समर्थकों को उकसाना था।
स्पूतनिक समाचार एजेन्सी के अनुसार वाशिग्टन डीसी के तीन पुलिस कर्मियों ने अमरीकी कांग्रेस पर हमले की बरसी के अवसर पर बुधवार को अपनी यह शिकायत दर्ज करवाई है।
इन अमरीकी पुलिसकर्मियों की लिखित शिकायत में कहा गया है कि 6 जनवरी 2021 को ट्रम्प के भड़काऊ भाषण के बाद उनके समर्थकों ने कांग्रेस की इमारत पर हमला किया। व्हाइट हाउस के बाहर अपने समर्थकों की एक रैली को संबोधित करते हुए ट्रम्प ने कहा था कि "वे कभी भी अपनी हार नहीं मानेंगे"।
याद रहे कि राष्ट्रपति चुनाव में डोनल्ड ट्रम्प की हार को अस्वीकार करने वाले उनके समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए 6 जनवरी को कैपिटल बिल्डिंग पर ही धावा बोल दिया। यह इमारत, अमेरिका में सत्ता का केंद्र है जहां अमेरिकी संसद की बैठकें होती हैं।
इससे पहले ट्रम्प अभियान के कपड़े पहने हुए उनके समर्थक, सिर्फ व्हाइट हाउस के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन जल्द ही उन्होंने कैपिटल पर चढ़ाई शुरू कर दी। देखते ही देखते प्रदर्शनकारियों की भीड़ पुलिस और कैपिटल के सुरक्षाकर्मियों से भिड़ती हुई कैपिटल के अंदर घुस गई।
संसद में उस समय सांसदों की बैठक चल रही थी, जिसे बाइडेन और निर्वाचित उप राष्ट्रपति कमला हैरिस की जीत पर मुहर लगाने के लिए बुलाया गया था।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए