प्रतिबंधों से यूक्रेन युद्ध रुकने वाला नहीं हैः पाकिस्तान
पाकिस्तान का कहना है कि यूक्रेन युद्ध का समाधान प्रतिबंध बिल्कुल नहीं है।
पाकिस्तान के विदेशमंत्री ने कहा है कि यूक्रेन में जारी हिंसा को रोकने में अन्तर्राष्ट्रीय प्रतिबंधों की कोई भूमिका नहीं है।
डाॅन न्यूज़ के अनुसार शाह महमूद क़ुरैशी ने एक साक्षात्कार में कहा है कि यूरोप में जारी युद्ध, विश्व की अर्थव्यवस्था को बहुत नुक़सान पहुंचा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस स्थिति में तनाव कम कराने के लिए विश्व समुदाय को कोई शांतिपूर्ण मार्ग ढूंढना चाहिए। पाकिस्तान के विदेशमंत्री के अनुसार यूक्रेन संकट के शांतिपूर्ण समाधान के लिए अन्तर्राष्ट्रीय समुदाय को किसी कूटनीतिक समाधान पर काम करना चाहिए।
उनका कहना था कि वर्तमान तनाव को कम कराने और शांति स्थापित कराने के उद्देश्य से पाकिस्तान, अपनी क्षमता के अनुसार प्रयास करने के लिए तैयार है।
उधर पाकिस्तानी संचार माध्यमों का कहना है कि यूक्रेन पर रूसी हमले की निंदा करने के लिए इस्लामाबाद पर अन्तर्राष्ट्रीय दबाव है। यह भी कहा जा रहा है कि संयुक्त राष्ट्रसंघ की महासभा में रूस के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव की किसी भी बैठक में पाकिस्तान के प्रतिनिधि ने भाग नहीं लिया।
इससे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने कहा था कि यूक्रेन संकट का समाधान वार्ता के माध्यम से होना चाहिए। यूक्रेन पर रूस के हमले के दौरान माॅस्को जाने वाले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का कहना है कि उनका देश किसी भी सैन्य ब्लाक या गुट का हिस्सा नहीं बनना चाहता।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए