श्रीलंका के राष्ट्रपति देश छोड़कर भाग गए
https://parstoday.ir/hi/news/world-i114680-श्रीलंका_के_राष्ट्रपति_देश_छोड़कर_भाग_गए
श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे अपनी पत्नी के साथ देश छोड़कर मालदीव फ़रार हो गए हैं।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul १३, २०२२ ०४:०० Asia/Kolkata
  • श्रीलंका के राष्ट्रपति देश छोड़कर भाग गए

श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे अपनी पत्नी के साथ देश छोड़कर मालदीव फ़रार हो गए हैं।

1948 के बाद से इतिहास के सबसे भंयकर आर्थिक संकट से जूझ रहे इस देश के राष्ट्रपति ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफ़ा देने का वादा किया था, लेकिन गिरफ़्तारी के डर से वह अपना इस्तीफ़ा देने से कुछ घंटे पहले ही भाग खड़े हुए।

एएफ़पी न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक़, राजपक्षे, उनकी पत्नी और दो बॉडीगार्ड्स के श्रीलंकन वायु सेना के विमान से बुधवार को तड़के मालदीव की राजधानी माले पहुंचने की सूचना है। हालांकि मालदीव के अधिकारियों ने इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

राजपक्षे के भागने के साथ ही श्रीलंका में दशकों से चला आ रहा एक परिवार के शासन का अंत हो गया है। शनिवार को श्रीलंका के आम लोगों ने राष्ट्रपति भवन पर धावा बोल दिया था और गोटाबाया राजपक्षे को वहां से जान बचाकर वायु सेना के एक अड्डे में शरण लेनी पड़ी थी।

राजपक्षे के भाई और पूर्व वित्त मंत्री बासिल राजपक्षे ने भी मंगलवार को देश से निकलने का प्रयास किया था, लेकिन एयरपोर्ट पर यात्रियों के विरोध के बाद उन्हें रोक लिया गया था। हालांकि कहा जा रहा है कि बाद में वह देश से निकलने में सफल हो गए।

श्रीलंका के नागरिक राजपक्षे शासन को देश में आर्थिक तबाही का ज़िम्मेदार मानते हैं। श्रीलंका के लोगों को बिजली, तेल, खाने-पीने के सामान और दवाइयों की कमी का सामना है।

श्रीलंका में पिछले कई दशकों से राजपक्षे परिवार ने सत्ता पर अपनी मज़बूत पकड़ बना रखी थी। परिवार के चार भाईयों ने सत्ता पर राज किया है तो वहीं एक भाई का बेटा भी मंत्री है।

राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे रक्षा मंत्री भी थे। महिंदा राजपक्षे प्रधानमंत्री, चमाल राजपक्षे सिंचाई मंत्री, बासिल राजपक्षे वित्त मंत्री, नमल राजपक्षे महिंदा राजपक्षे के बेटे खेल मंत्री थे। msm

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए