पोप फ़्रांसिस ने दी परमाणु विनाश की चेतावनी
ईसाइयों के वरिष्ठ धर्मगुरू ने पूरी दुनिया को यूक्रेन में संभावित परमाणु त्रासदी के प्रति सचेत किया है।
यूरोप के सबसे बड़े परमाणु बिजली संयंत्र के बारे में यूक्रेन तथा रूस द्वारा एक-दूसरे पर आरोप लगाए जाने के बीच पोप फ़्रांसिस ने इस संबन्ध में चेतावनी दी है।
अपने साप्ताहिक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि हम आशा करते हैं कि दोनो पक्ष जाबारोज़िया परमाणु संयंत्र को हर प्रकार की त्रासदी से सुरक्षित रखने की कोशिश करेंगे। उन्होंने युद्ध से आर्थिक लाभ उठाने वाले हथियारों के व्यापारियों को मानवता का दुश्मन बताया।
मार्च के महीने में रूस ने यूरोप के सबसे बड़े परमाणु बिजलीघर जाबारोज़िया को अपने नियंत्रण में ले लिया था। युद्ध के अग्रिम मोर्चे से इस परमाणु बिजलीघर की दूरी अधिक नहीं है। हालिया सप्ताहों के दौरान इसके निकट गोलीबारी होने की सूचना है।इस बारे में यूक्राेन और रूस एक-दूसरे पर आरोप मढ़ रहे हैं।
परमाणु बिजलीघर के निकट गोलीबारी के कारण इसके लिए गंभीर ख़तरा पैदा हो गया है। संयुक्त राष्ट्रसंघ में रूस के प्रतिनिधि वासिली नित्ज़या ने बताया था कि राष्ट्रपति विलादिमीर पुतीन ने अन्तर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेन्सी आईएईए की टीम जाबारोज़िया परमाणु संयंत्र भेजे जाने पर सहमति जताई थी।
रूस के एक अन्य अधिकारी कहते हैं कि यूक्रेन के हमले के कारण जाबारोज़िया परमाणु संयंत्र को कुछ क्षति पहुंची है। उनका कहना था कि अगर वहां पर कोई भी दुर्घटना घटती है तो उसकी ज़िम्मेदारी पश्चिम पर आएगी।
उल्लेखनीय है कि रूस का सबसे बड़ा परमाणु बिजलीघर यूक्रेन के ज़ापोरीजिया प्रांत में स्थित है। जानकारों का कहना है कि अगर इसमे कोई धमाका होता है तो इससे पूरी मानवता को बहुत गंभीर नुक़सान पहुंचेगा।