अमरीकी प्रतिनिधिमंडल करेगा भारत का दौरा
अमरीका का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल सोमवार को भारत का दौरा करेगा।
यह प्रतिनिधिमंडल द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को मज़बूत करने और स्वतंत्र एवं खुले, लचीले और सुरक्षित हिंद-प्रशांत क्षेत्र को समर्थन देने के लिए भारत आएगा। विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के सहायक विदेश मंत्री के नेतृत्व में अमरीका प्रतिनिधिमंडल 5 से 8 सितम्बर तक भारत का दौरा करेगा। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व डोनल्ड लू करेंगे।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने शनिवार को एक बयान में कहा कि इसका उद्देश्य अमेरिका-भारत व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को प्रगाढ़ करना है। मंत्रालय ने कहा कि लू पूर्वी एशियाई और प्रशांत मामलों के ब्यूरो के लिए उप सहायक विदेश मंत्री कैमिली डावसन के साथ क्वाड के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में शामिल होंगे और अमरीका-भारत टू प्लस टू अंतरसत्रीय बैठक के लिए हिंद-प्रशांत सुरक्षा मामलों के रक्षा सहायक मंत्री एली रैटनर के साथ समुद्री सुरक्षा वार्ता में शामिल होंगे।
डोनल्ड लू महिला उद्यमियों के साथ अमरीका-भारत महिला आर्थिक सशक्तीकरण गठबंधन के तहत एक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इस आयोजन का उद्देश्य कार्यबल में महिलाओं की सार्थक भागीदारी के माध्यम से आर्थिक सुरक्षा बढ़ाना है। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए