रूस के विपक्षी नेता की जेल में मौत
https://parstoday.ir/hi/news/world-i133392-रूस_के_विपक्षी_नेता_की_जेल_में_मौत
रूस में राष्ट्रपति विलादीमीर पुतिन के मुखर विरोधी एलेक्सी नवेलनी का साइबेरिया की जेल में 47 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
(last modified 2024-02-17T10:00:42+00:00 )
Feb १७, २०२४ १५:२९ Asia/Kolkata
  • रूस के विपक्षी नेता की जेल में मौत

रूस में राष्ट्रपति विलादीमीर पुतिन के मुखर विरोधी एलेक्सी नवेलनी का साइबेरिया की जेल में 47 वर्ष की आयु में निधन हो गया।

नवेलनी ने पुतिन के ख़िलाफ जारी अभियान का संचालन किया था और वे पुतिन को रूस में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का दोषी क़रार देते थे।

क्रेमलिन को उनके द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शनों को रोकने के लिए भी संघर्ष करना पड़ा था, जिनमें हजारों लोग, कभी-कभी उससे भी अधिक लोग सड़कों पर उतर आए थे।

वर्ष 2020 में नवेलनी को नर्व एजेंट नोविचोक ज़हर दिए जाने की बात सामने आई। जर्मनी में जीवनरक्षक उपचार प्राप्त करने के बाद उन्होंने रूस की संघीय सुरक्षा सेवा और पुतिन पर अपनी हत्या के प्रयास का आरोप लगाया था।

पिछले दिसम्बर में नवेलनी कई हफ्तों के लिए गायब हो गए थे। बाद में पता चला कि उन्हें साइबेरिया के सुदूर उत्तर में स्थित दंड शिविर में स्थानांतरित कर दिया गया था।

नवेलनी का मानना था कि रूसी अधिकारी मार्च में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से पहले उन्हें अलग-थलग करना चाहते हैं। इससे पहले उन्होंने कैदी के रूप में अपने अधिकारों के उल्लंघन के खिलाफ कई शिकायतें दर्ज कराई थीं।

उन्होंने अदालत में अपनी पेशी का उपयोग पुतिन के सत्तावादी शासन और यूक्रेन मुद्दे पर उनकी तीखी आलोचना के लिए किया।

अंत में, नवेलनी को वीडियो पर भी अदालत में उपस्थित होने की अनुमति नहीं दी गई।

नवेलनी का जन्म 1976 में मॉस्को के पास हुआ था. उनके पिता एक सेना अधिकारी थे और उनकी मां एक व्यवसायी महिला थीं। उन्होंने कानून, प्रतिभूतियों तथा विनिमय का अध्ययन किया और वकील तथा व्यवसायी बन गए। (AK)

 

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें।