पाकिस्तान, क्वेटा में बम धमाका, 3 की मौत, 28 घायल
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा के भीड़भाड वाले आलेमो चौक में हुए बम धमाके में तीन लोग मारे गए और दर्जनों घायल हो गए हैं।
क्वेटा पुलिस ने बताया है कि यह विस्फोट शुक्रवार को शहर के आलेमो चौक पर हुआ। स्थानीय पुलिस ने धमाके में 3 लोगों के मारे जाने और में कम से कम 28 लोगों के घायल होने की पुष्टि कर दी है। पुलिस के अनुसार घायलों में कई की हालत गंभीर है।
क्वेटा पुलिस द्वारा बयान में कहा गया है कि शुक्रवार को आलेमो चौक में हुए आतंकी हमले में मरने और घायल होने वाले सभी लोग आम नागरिक हैं। घायलों को जिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है उस अस्पताल के सूत्रों ने तीन लोगों के मारे जाने की पुष्टि करते हुए मरने वालों की संख्या में वृद्धि की आशंका जताई है।
चश्मदीदों का कहना है कि धमाका इतना ज़ोरदार था कि आसपास की दुकानें और खड़ी गाड़ियों को भी नुक़सान पहुंचा है, जबकि अभी-तक किसी व्यक्ति या गुट ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत का क्वेटा शहर आए दिन आतंकवादी गुटों के निशाने पर रहता है। आतंकी अपनी कार्यवाहियों में अधिकतर आम नागरिकों और सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाते हैं। पिछले महीने हुए एक धमाके में एक पुलिसकर्मी मारा गया था जबकि 7 अन्य घायल हो गए थे। (RZ)