अमरीकी प्रतिनिधिमंडल ने बश्शार असद से मुलाक़ात की
https://parstoday.ir/hi/news/world-i19099-अमरीकी_प्रतिनिधिमंडल_ने_बश्शार_असद_से_मुलाक़ात_की
अमरीकी प्रतिनिधिमंडल ने सीरियाई राष्ट्रपति बश्शार असद से मुलाक़ात की है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul २९, २०१६ ११:२७ Asia/Kolkata
  • 28 जुलाई 2016 को दमिश्क़ में सीरियाई राष्ट्रपति बश्शार असद (बीच में दाहिए) से मुलाक़ात करते अमरीकी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य
    28 जुलाई 2016 को दमिश्क़ में सीरियाई राष्ट्रपति बश्शार असद (बीच में दाहिए) से मुलाक़ात करते अमरीकी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य

अमरीकी प्रतिनिधिमंडल ने सीरियाई राष्ट्रपति बश्शार असद से मुलाक़ात की है।

समाचार एजेंसी साना के अनुसार, अंतर्राष्ट्रीय संगठन वर्ल्ड पीस काउंसिल की अमरीकी शाखा यूएस पीस काउंसिल के प्रतिनिधियों ने बश्शार असद से मुलाक़ात की। इस अवसर पर सीरियाई राष्ट्रपति ने कहा कि अमरीकी नीतियां न सिर्फ़ अमरीकी जनता बल्कि पूरी दुनिया के हितों के ख़िलाफ़ हैं।

बश्शार असद ने कहा, “अमरीकी नीतियां अमरीकी नागरिकों और पूरी दुनिया के लोगों के हितों के ख़िलाफ़ हैं।”

 

अमरीका और उसके कुछ घटक 2011 से सीरियाई सकरार के ख़िलाफ़ लड़ने वाले आतंकियों को वित्तीय व सैन्य मदद दे रहे हैं।

विदेश समर्थित आतंकियों के हाथों सीरिया में अब तक हज़ारों बेगुनाह नागरिक हताहत हुए हैं।

अमरीका की अगुवाई में दर्जनों देशों पर आधारित गठजोड़, दमिश्क़ सरकार या संयुक्त राष्ट्र संघ की इजाज़त के बिना, सितंबर 2014 से सीरिया पर बमबारी कर रहा है। यह गठजोड़ कथित रूप से दाइश के ठिकानों को निशाना बनाता है।

 

अमरीकी प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई करने वाले हेनरी लोवेनडॉर्फ़ ने पत्रकारों के नाम बयान में कहा, “बश्शार असद के साथ बातचीत सार्थक रही। उन्होंने बहुत ही दो टूक बात की। जो बातें हमने देखीं और उस बारे में सवाल किया तो उन्होंने हमारे सवालों के तार्किक व सटीक जवाब दिए।”

 

इस हफ़्ते के शुरु में बश्शार सअद ने दमिश्क़ आने वाले यूनान के प्रतिनिधिमंडल से कहा था कि पश्चिमी देशों ने इसलिए दमिश्क़ विरोधी आतंकियों की मदद शुरु की क्योंकि वे एक स्वाधीन अरब देश के वजूद को बर्दाश्त नहीं कर सकीं।

हालांकि अनेक पश्चिमी देश दमिश्क़ विरोधी आतंकियों का समर्थन करते हैं, किन्तु कुछ देशों को आतंकवाद के ख़िलाफ़ दमिश्क़ की लड़ाई की अहमियत का एहसास हो गया है और वे बश्शार असद की सरकार के साथ फिर से संबंध स्थापित करने का इशारा दे रहे हैं। (MAQ/N)