दाइश ने रवाना किये पूरे विश्व में अपने आतंकवादी
आतंकवादी गुट दाइश ने अपने बहुत से आतंवादियों को विश्व के कई देशों में अशांति फैलाने के लिए भेजा है।
फ़्रांस प्रेस के अनुसार आतंकवादी एवं विध्वंसक कार्यवाहियां करने के लिए दाइश ने अपने आतंकवादियों को आस्ट्रिया, जर्मनी, स्पेन, लेबनान, ट्यूनीशिया, बांग्लादेश, इन्डोनेशिया, मलेशिया और अफ़ग़ानिस्तान भेजा है।
विभिन्न देशों की गुप्तचर सेवाओं से एकत्रित की गई सूचनाओं के आधार पर दाइश की सुरक्षा इकाई, विश्व में असुरक्षा उत्पन्न करने के लिए अपने आतंकियों को विश्व के कोने-कोने में भेज रही है। इन गु्पतचर सेवाओं के अनुसार दाइश की सुरक्षा इकाई का नाम "उमना" है जिसका कार्य विध्वंसक कार्यवाहियां करना है।
जर्मनी में दाइश की सुरक्षा इकाई के एक सदस्य "हेरी सार्फ़ो" को गिरफ्तार किया गया है। उसका कहना है कि वर्तमान समय में दाइश, अन्य देशों में आतंकवादी कार्यवाहियां करने के लिए उन लोगों को प्रयोग कर रहा है जो हाल ही में मुसलमान हुए हैं। दाइश के इस आतंकवादी ने बताया कि जब वह दाइश की सुरक्षा इकाई का सदस्य था तो उसे बताया गया था कि यूरोप में उसके बहुत से सदस्य, यूरोपियों पर हमले के आदेश की प्रतीक्षा कर रहे हैं।