फ्रांस के राष्ट्रपति ने अतिवाद से मुकाबले पर बल दिया
https://parstoday.ir/hi/news/world-i30013-फ्रांस_के_राष्ट्रपति_ने_अतिवाद_से_मुकाबले_पर_बल_दिया
आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक संकट और उनके समाधान के मार्गों की समीक्षा बैठक की कार्यसूची में शामिल रहा है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Nov २९, २०१६ १५:४६ Asia/Kolkata

आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक संकट और उनके समाधान के मार्गों की समीक्षा बैठक की कार्यसूची में शामिल रहा है।

फ्रेंच भाषी देशों ने 16वीं अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेन्स में आतंकवाद से मुकाबले और शांति व सुरक्षा से भरे विश्व की मांग की है। मेडागास्कर में होने वाली बैठक में भाग लेने वाले देशों ने जारी वर्ष के जुलाई महीने में संयुक्त राष्ट्रसंघ की ओर से आतंकवाद और अतिवाद से मुकाबले के संबंध में पारित होने वाले प्रस्ताव के प्रति अपने समर्थन की घोषणा की।

फ्रेंच भाषी देशों की 16वीं अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेन्स में लगभग 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष, प्रधानमंत्री और फ्रेंच भाषी देशों के 10 वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे और उन्होंने आर्थिक विकास में वृद्धि सहित विभिन्न क्षेत्रों में 13 प्रस्ताव पारित किये।

फ्रेंच भाषी देशों के अनुसार शांति व सुरक्षा स्थापित होने और देशों में आर्थिक स्थिति के बेहतर होने से भाषा सहित दूसरे क्षेत्रों में प्रभाव पड़ेगा। इस आधार पर इन देशों की बैठक में आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक संकट और उनके समाधान के मार्गों की समीक्षा बैठक की कार्यसूची में शामिल रहा है।

फ्रांस, नाइजेरिया और माली महत्वपूर्ण फ्रेंच भाषी देश हैं जिन्हें पिछले वर्ष आतंकवादी हमलों और चुनौतियों का सामना रहा है। नाइजेरिया में  आतंकवादी गुट बोको हराम के हमलों में दसियों व्यक्ति हताहत व घायल हो चुके हैं और ये हमले अब भी जारी हैं।

माली और उसके पड़ोसी देशों में आतंकवादी गुटों के हमले जारी हैं जिससे इस क्षेत्र की शांति व सुरक्षा में विघ्न उत्पन्न हो गया है।

यद्यपि आतंकवाद के विस्तार ने अफ्रीका के बहुत बड़े क्षेत्र को अपनी लपेट में ले लिया है परंतु यूरोपीय देशों विशेषकर फ्रांस में होने वाले आतंकवादी हमले इस बात का कारण बने हैं कि विश्व स्तर पर इस विषय पर ध्यान दिया जा रहा है।

फ्रांस के राष्ट्रपति ने मेडागास्कर में होने वाली बैठक में अतिवाद से मुकाबले के लिए एक नेटवर्क बनाये जाने की मांग की और कहा कि यह नेटवर्क सूचनाओं के आदान- प्रदान, प्रभावी शैलियों से एक दूसरे को अवगत कराने और जहां भी आवश्यक हो वहां कार्यवाही अंजाम देने के लिए कदम उठा सकता है।

बहरहाल मेडागास्कर में होने वाली बैठक आतंकवाद जैसी कुछ समस्याओं के समाधान के मार्गों की समीक्षा के लिए बेहतरीन अवसर थी परंतु प्रतीत यह हो रहा है कि इस बैठक में जो निर्णय लिये गये वास्तविकता इससे बढ़कर है। MM