अफ़ग़ानिस्तान में दाइश का प्रभाव बढ़ रहा है,
रूस, चीन और पाकिस्तान ने चेतावनी दी है कि अफ़ग़ानिस्तान में दाइश का प्रभाव बढ़ रहा है और इस देश की सुरक्षा स्थिति और भी ख़राब होती जा रही है।
रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़ाख़ारोवा ने कहा कि रूस, चीन और पाकिस्तान के प्रतिनिधियों की मंगलवार को मास्को में एक बैठक हुई जिसमें अफ़ग़ानिस्तान में दाइश सहित चरमपंथी संगठनों की बढ़ती सक्रियता पर चिंता जताई गई।
मारिया ज़ाख़ारोवा ने तीन पक्षीय बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बैठक में यह फ़ैसला किया गया है कि भविष्य की बैठकों में अफ़ग़ान सरकार को भी आमंत्रित किया जाएगा।
अफ़ग़ानिस्तान के बारे में अब तक तीनों देशों की तीन बैठकें हो चुकी हैं लेकिन इन बैठकों में अब तक अफ़ग़ानिस्तान को आमंत्रित नहीं किया गया था।
अफ़ग़ानिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अहमद शकीब मुशताक़ी ने कहा कि मास्को बैठक के बारे में काबुल सरकार को उचित रूप से सूचना नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान की स्थिति के बारे में अगर कोई वार्ता सदभावना के साथ होती है तब भी अफ़ग़ानिस्तान की उपस्थिति के बिना प्रभावी नहीं हो सकती।