10 हज़ार किलोग्राम भारी बम हमला, उत्तरी कोरिया के लिए संदेश
ट्रंप का कहना है कि अफ़ग़ानिस्तान पर अमरीका के सबसे शक्तिशाली बम का हमला, उत्तर कोरिया के लिए संदेश हो सकता है।
अमेरिका ने अफ़ग़ानिस्तान में दाइश के एक ठिकाने पर अत्यंत शक्तिशाली बम से हमला किया है। इस हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
डोनाल्ड ट्रंप ने फाइटर एयरक्राफ्ट द्वारा अफ़ग़ानिस्तान में दाइश के एक ठिकाने पर गिराए गए बम GBU-43B के बारे में कहा है कि उन्हें अपनी सेना पर गर्व है।
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने अफ़ग़ानिस्तान में बम गिराए जाने की अनुमति दी थी। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से कहा कि वास्तव में यह एक सफल अभियान रहा। हमें अपनी सेना पर गर्व है। ट्रंप ने कहा कि मुझे अभी यह नहीं पता कि इससे उत्तर कोरिया को संदेश मिलता है या नहीं। उन्होंने कहा कि इससे कोई अंतर नहीं पड़ता। वास्तव में उत्तर कोरिया एक समस्या है और इस समस्या का समाधान निकाला जाएगा।
ज्ञात रहे कि गुरुवार की शाम 7.30 बजे अमरीकी सेना ने MC-130 फाइटर एयरक्राफ्ट के ज़रिए अफ़ग़ानिस्तान में दाइश के अंड्डों को निशाना बनाकर GBU-43B बम गिराया है। इस अमरीकी बम का भार दस हज़ार किलोग्राम बताया जा रहा है जो जीपीएस निर्देशित है। यह अमेरिका का सबसे शक्तिशाली ग़ैर परमाणु बम है।