बर्लिन में इस आयोजन से इस्राईल तिलमिलाया
-
23 जून 2017 को बर्लिन में विश्व क़ुद्स दिवस के अवसर पर फ़िलिस्तीन समर्थक कार्यकर्ताओं की रैली की तस्वीर
जर्मनी की राजधानी बर्लिन में विश्व क़ुद्स दिवस पर सैकड़ों की संख्या में फ़िलिस्तीन समर्थकों की रैली से इस्राईल तिलमिला गया है।
शुक्रवार को बर्लिन में हुयी इस रैली में लगभग 600 फ़िलिस्तीन समर्थक कार्यकर्ता शामिल थे जो ईरान की इस्लामी क्रान्ति के संस्थापक इमाम ख़ुमैनी की विश्व क़ुद्स दिवस के आयोजन अपील पर अमल कर रहे थे।
जर्मनी की राजधानी में कई साल से विश्व क़ुद्स दिवस की रैली निकलती है। उसी तरह शुक्रवार को भी रैली निकली।
इस्राईली अख़बार येरुश्लम पोस्ट के अनुसार, बर्लिन में इस्राईली दूतावास ने शहर के मेयर माइकल मूलर से क़ुद्स दिवस की रैली पर रोक लगाने की अपील की थी जिसे मूलर ने ख़ारिज कर दिया जिस पर इस्राईली दूतावास ने उनके ख़िलाफ़ धमकी भरी टिप्पणी की।
बर्लिन में इस्राईली दूतावास के अधिकारी रोजेल राख़मन ने दूतावास के न्यूज़लेटर पर लिखा कि दूतावास ने मेयर से अपील की कि वे इस आयोजन को क़ानून के आधार पर रुकवाएं। राख़मन ने कहा कि मेयर के फ़ैसले को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता और वह ग़लत फ़ैसला था।
ग़ौरतलब है कि इमाम ख़ुमैनी ने पवित्र रमज़ान के अंतिम शुक्रवार को विश्व क़ुद्स दिवस घोषित किया था ताकि इस दिन पूरी दुनिया में मुसलमान प्रदर्शन कर इस्राईल के अतिग्रहण में फ़िलिस्तीन की दुर्दशा की ओर दुनिया का ध्यान मोड़ें। (MAQ/N)