फ़्रांस को उत्तर कोरिया ने दिया ख़ामोश करने वाला जवाब
https://parstoday.ir/hi/news/world-i48861-फ़्रांस_को_उत्तर_कोरिया_ने_दिया_ख़ामोश_करने_वाला_जवाब
उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने फ़्रांसीसी राष्ट्रपति के प्यूंग यांग की परमाणु गतिविधियों के बारे में दिए गए बयान की प्रतिक्रिया में कहा कि अगर परमाणु हथियार बुरा है तो बेहतर होगा कि फ़्रांस उसे ख़त्म कर दे।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Sep १०, २०१७ ०६:४३ Asia/Kolkata
  • फ़्रांस को उत्तर कोरिया ने दिया ख़ामोश करने वाला जवाब

उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने फ़्रांसीसी राष्ट्रपति के प्यूंग यांग की परमाणु गतिविधियों के बारे में दिए गए बयान की प्रतिक्रिया में कहा कि अगर परमाणु हथियार बुरा है तो बेहतर होगा कि फ़्रांस उसे ख़त्म कर दे।

संवाददाता के अनुसार, फ़्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रोन ने उत्तर कोरिया द्वारा छठे परमाणु टेस्ट के बाद संयुक्त राष्ट्र और योरोपीय संघ से प्यूंग यांग के ख़िलाफ़ जल्द से ज़ल्द कार्यवाही की मांग की।

फ़्रांसीसी राष्ट्रपति के बयान की प्रतिक्रिया में उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय में योरोपीय विभाग के प्रमुख री तूक सून ने देश के परमाणु कार्यक्रम का समर्थन करते हुए इसकी फ़्रांस के परमाणु कार्यक्रम के आरंभिक दिनों से तुलना की।

उन्होंने कहा कि फ़्रांस ने अमरीका की ओर से कड़े विरोध के बावजूद परमाणु बम बनाने की कोशिश की थी और परमाणु बम बना लेने के बाद उसने खुल्लम खुल्ला एलान किया था कि फ़्रांस की स्वाधीनता बिना परमाणु हथियार के सुरक्षित नहीं रह सकती।

री तूक सून ने कहा कि अगर परमाणु हथियार रखना बुरा है तो फ़्रांस क्यों अपने परमाणु हथियार ख़त्म नहीं कर देता जबकि उसे किसी तरह का ख़तरा भी नहीं है।

उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय के अधिकारी ने कहा, “उत्तर कोरिया के परमाणु हथियार अमरीकी वर्चस्ववाद और उसकी ओर से परमाणु ख़तरे के ख़िलाफ़ निवारक शक्ति हैं और यह बात बड़ी हास्यास्पद लगती है कि उत्तर कोरिया योरोप पर हमला कर सकता है।”

फ़्रांसीसी राष्ट्रपति का बयान ऐसे समय सामने आया है कि शनिवार को चीन के राष्ट्रपति ने अपने फ़्रांसीसी समकक्ष से टेलीफ़ोन पर बातचीत में उम्मीद जतायी कि पेरिस उत्तर कोरिया के साथ बातचीत को फिर से शुरु कराने में सार्थक रोल अदा करेगा। (MAQ/N)