हक़क़ानी नेटवर्क का समर्थक अमरीका है हम नहींः पाकिस्तान
पाकिस्तान के विदेशमंत्री ने कहा है कि अमरीका, लंबे समय से आतंकी गुट हक़्क़ानी का समर्थन कर रहा है।
तसनीम समाचार एजेन्सी के अनुसार ख़ाजा मुहम्मद आसिफ़ ने गुरूवार को कहा है कि अमरीका, वर्षों से हक़्क़ानी गुट का वित्तीय और सैन्य समर्थन कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस्लामाबाद पर जिस हक़्क़ानी गुट के समर्थन का आरोप लगाया जा रहा है उसका समर्थन, अमरीका की ओर से पिछले 25 वर्षों से किया जा रहा है।
पाकिस्तान के विदेशमंत्री ने कहा कि इस्लामाबाद के लिए अमरीका, भरोसे योग्य दोस्त नहीं है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध निष्ठापूर्ण ढंग से संघर्ष करने के स्थान पर अमरीका, पाकिस्तान की समस्याओं को बढ़ा रहा है।
ज्ञात रहे कि अमरीका ने घोषणा की है कि इस्लामाबाद की ओर से आतंकवादी गुटों विशेषकर हक़्क़ानी गुट के समर्थन के कारण पाकिस्तान की सहायता रोकी जा रही है। उल्लेखनीय है कि अमरीकी राष्ट्रपति की ओर से अफ़ग़ानिस्तान के बारे में नई रणनीति की घोषणा के बाद से इस्लामाबाद और वाशिग्टन के संबन्धों मे तनाव उत्पन्न हो गया है।