राष्ट्रपति ट्रम्प और अमेरिकी कांग्रेस के नाम खुला ख़त
अमेरिका में गन कल्चर और सशस्त्र हिंसा में मारे जाने वाले सैकड़ों लोगों के परिवारजनों ने अमेरिकी अधिकारियों और विशेषकर डोनॉल्ड ट्रम्प को एक खुला पत्र लिखकर गन कल्चर को समाप्त करने की मांग की है।
पीपुल्स वेब साईट ने लिखा है कि अमेरिका में आए दिन होने वाली गोलीबारी और विशेषकर पिछले दिनों लास वेगास शहर में एक व्यक्ति द्वारा म्यूज़िक कंसर्ट पर की गई अंधाधुंध फ़ायरिंग में 60 व्यक्ति हताहत और 500 से अधिक घायल हुए थे, इन घटनाओं में मारे गए लोगों के परिजनों ने अमेरिकी कांग्रेस और ट्रम्प को एक खुला पत्र भेजकर मांग की है कि देश की सरकार कांग्रेस के साथ मिलकर कुछ ऐसे उपाय करे कि जिससे इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
खुले पत्र पर हस्ताक्षर करने वाले लोगों ने अमेरिकी राष्ट्रपति और इस देश की कांग्रेस से कहा है कि जितनी जल्दी हो सके ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस क़दम उठाया जाए ताकि अब और जाने सशस्त्र हिंसाओं में न जाएं। पत्र में यह भी कहा गया है कि अमेरिका में ऐसी घटनाएं अब भयानक सपनों में बदल गई हैं।

पत्र पर हस्ताक्षर करने वाले जो कि अधिकतर गोली बारी का शिकार लोगों के परिवार वाले हैं, उन्होंने अमेरिकी कांग्रेस के सदस्यों से कहा है कि अगर वे उनकी मांगो को अनदेखा करेंगे तो वे देश में होने वाले अगले तमाम चुनावों का बहिष्कार करेंगे।
ज्ञात रहे कि अमरीका में फ़ायरिंग की घटनाएं आए दिन घटती रहती हैं किन्तु इसके बावजूद हथियार निर्माण कंपनियों की मज़बूत लॉबी के कारण अब तक हथियार रखने और उसके क्रय-विक्रय के लिए अबतक कोई ठोस क़ानून नहीं बन सका है।
आंकड़ों के अनुसार अमरीका में आबादी के दृष्टिगत हथियारों की संख्या दुनिया में सबसे अधिक है। अमरीका में हर सौ में से नब्बे के पास रायफ़ल या बंदूक़ है। (RZ)