ट्यूनीशिया ने भी इमारात एयरलाइन के ख़िलाफ़ जवाबी कार्यवाही की
यूएई की इमारात (एमिरेट्स) एयर लाइन द्वारा ट्यूनीशिया की महिलाओं को यूएई ले जाने से मना करने पर ट्यूनीशिया के परिवहन मंत्रालय ने इमारात एयर लाइन की सभी उड़ानों के ट्यूनीशिया दाख़िल होने पर रोक लगा दी है।
इरना के अनुसार, ट्यूनीशिया के परिवहन मंत्रालय ने शनिवार की रात कहा कि इमारात एयरलाइन का ट्यूनीशिया की महिलाओं को यूएई ले जाने से मना करना अंतर्राष्ट्रीय क़ानून के ख़िलाफ़ है।
इमारात एयरलाइन ने शुक्रवार को बिना पूर्व सूचना के यह एलान किया कि इस कंपनी के नए नियम के अनुसार, ट्यूनीशिया की महिलाओं को चाहे वे किसी उम्र की हों और किसी भी व्यवसाय से जुड़ी हों, उन्हें न तो यूएई का सफ़र करने और न ही इमारात एयरलाइन के ज़रिए किसी दूसरे देश का सफ़र करने का अधिकार है। इस नियम से इमारात एयरलाइन ने उन औरतों को अपवाद बताया जिनके पास कूटनयिक पासपोर्ट हैं या वे यूएई में रहती हैं।
यूएई के अधिकारियों के इस फ़ैसले के कारण यूएई-ट्यूनीशिया के बीच संबंध तनावपूर्ण हो गए हैं और त्यूनीसिया के कुछ मीडिया ने यूएई पर महिलाओं से भेदभाव करने का इल्ज़ाम लगाया है।
त्यूनीसिया के विदेश मंत्रालय ने भी बताया कि त्यूनिस में यूएई के राजदूत को शुक्रवार को विदेश मंत्रालय तलब किया गया और उनसे ट्यूनीशिया की महिलाओं के यूएई सफ़र पर रोक पर स्पष्टीकरण मांगा गया। (MAQ/N)