हैटी ने तलब किया अमरीकी राजदूत को
https://parstoday.ir/hi/news/world-i55755-हैटी_ने_तलब_किया_अमरीकी_राजदूत_को
ट्रम्प के आपत्तिजनक बयान का विरोध करते हुए हैटी ने अमरीकी राजदूत को तलब किया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jan १३, २०१८ ०६:३३ Asia/Kolkata
  • हैटी ने तलब किया अमरीकी राजदूत को

ट्रम्प के आपत्तिजनक बयान का विरोध करते हुए हैटी ने अमरीकी राजदूत को तलब किया है।

रोएटर के अनुसार हैटी के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी करके इस बात की पुष्टि की है कि अमरीका के राजदूत को स्पष्टीकरण के लिए तलब किया गया है।  इस बयान में कहा गया है कि अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प के आपत्तिजनक बयान पर हैटी के विरोध से अमरीकी राजदूत को अवगत करवाया गया है।

हैटी के अतिरिक्त कई अन्य अफ़्रीकी देशों ने भी अफ़्रीकियों के बारे में ट्रम्प के बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है।  इन देशों का मानना है कि ट्रम्प का बयान उनके भीतर पाए जाने वाले जातिवाद को प्रदर्शित करता है।

उल्लेखनीय है कि अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने गुरुवार को सांसदों के साथ बैठक में अलसाल्वाडोर, हैटी और अफ़्रीक़ी देशों के पलायनकर्ताओं के बारे में ‘शिटहोल’ जैसा बहुत ही अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल किया था।   वॉशिंग्टन पोस्ट के अनुसार, ट्रम्प ने कहा था कि "हम गंदे देशों के लोगों को अपने यहां क्यों आने देते हैं? हमें हैटी के नागरिकों की क्या ज़रूरत है? उन्हें निकाल बाहर करो"

इस रिपोर्ट के अनुसार, ट्रम्प ने सुझाव दिया था कि गंदे देशों के लोगों के स्थान पर अमरीका को नार्वे जैसे योरोपीय देशों के पलायनकर्ताओं को अधिक स्वीकार करना चाहिए।  हालांकि सरकारी स्तर पर ट्रम्प के बयान के औचित्य पेश किये जा रहे हैं किंतु विश्व स्तर पर इस प्रकार के बयान की बहुत निंदा की जा रही है।