दाइश, मध्य एशिया के देशों के लिए गंभीर ख़तराः रूस
रूस ने अफ़ग़ानिस्तान में आतंकवादी गुट दाइश के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि यह गुट, मध्य एशिया के देशों के लिए गंभीर ख़तरा बनता जा रहा है।
यह बात अफ़ग़ानिस्तान में रुस के राजदूत ने काबुल में कही है। मेहर समाचार एजेन्सी के अनुसार "मोंटस्की एलेक्ज़ेंडर" ने कहा कि यह चिंता की बात है कि अफ़ग़ानिस्तान में तालेबान का प्रभाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यपूर्व में दाइश से मुक़ाबले का परिणाम यह निकला है कि वे मध्य एशिया के देशों का रुख़ कर रहे हैं।
रूसी राजदूत ने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान में अज्ञात हैलिकाप्टरों के माध्यम से दाइश के आतंकवादियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के मामले को मैने अफ़ग़ानिस्तान की राष्ट्रीय परिषद और अमरीकियों के सामने पेश किया किंतु इस बारे में उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अफ़ग़ानिस्तान में सुरक्षा की स्थिति ठीक नहीं है और उत्तरी अफ़ग़ानिस्तान में दाइश तथा उज़बेकिस्तान के एक रूढ़ीवादी दल का प्रभाव तेज़ी से बढ़ रहा है। रूसी राजदूत का कहना था कि हम इस बात को लेकर बहुत चिंतित हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले यह ख़बरें आई थीं कि अफ़ग़ानिस्तान में हैलिकाप्टरों के माध्यम से दाइशी आतंकवादियों को एक स्थान से दूसरे स्थान पहुंचाया जा रहा है।