अरब देश सीरिया में अपने सैनिकों को तैनात करेः ट्रम्प
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा है कि अरब देशों को चाहिए कि सीरिया में अमेरिकी सेना की जगह अपने सैनिकों को तैनात करें।
अमेरिकी समाचार पत्र “वॉल स्ट्रीट जरनल” ने लिखा है कि राष्ट्रपति ट्रम्प, सीरिया में अमेरिकी सैनकों के स्थान पर अरब देशों के सैनिकों की तैनाती पर विचार कर रहे हैं और उन्होंने इस संबंध में कई अरब देशों के नेताओं से बात भी की है। अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन ने हाल ही में मिस्र के ख़ुफिया विभाग के प्रमुख अब्बास कामिल से टेलीफ़ोनी वार्ता द्वारा इस संबंध में क़ाहिरा की राय मांगी थी।
व्हाइट हाउस के सूत्रों ने समाचार पत्र वॉल स्ट्रीट जरनल को बताया कि अमेरिकी सरकार ने इस परियोजना पर फ़ार्स की खाड़ी के अरब देशों के साथ बातचीत आरंभ कर दी है। एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा है कि वॉशिंग्टन ने राष्ट्रपति ट्रम्प की इस योजना में क़तर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब एमीरात से उनकी भागीदारी और वित्तीय सहायता के बारे में भी बात की है।
रिपोर्टों में कहा गया है कि ट्रम्प द्वारा हाल के दिनों में दिए गए बयानों और उसके बाद शनिवार 14 अप्रैल को अमेरिका, फ्रांस और ब्रिटेन द्वारा सीरिया पर किए गए मिसाइल हमलों के बाद ऐसा लगता है कि ट्रम्प द्वारा तैयार की गई यह योजना जल्दी लागू होने वाली नहीं है। (RZ)