क्वेटा में आत्मघाती हमला
पाकिस्तान के क्वेटा शहर के उपनगरीय क्षेत्र मियां गुंडी में सुरक्षा चेक पोस्ट पर हुए आत्मघाती हमले और फ़ायरिंग एवं जवाबी गोलीबारी में 5 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई है।
पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, तकफ़ीरी आतंकवादियों ने क्वेटा शहर के उपनगरीय क्षेत्र मियां गुंडी में स्थित एफसी चेक पोस्ट पर हमला कर दिया, जबकि एक अन्य आतंकवादी ने पुलिस वैन पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दी।
पाकिस्तानी सैन्य विभाग ने बयान जारी करके बताया है कि दो आत्मघाती हमलावरों ने मियां गुंडी में एफसी चेक पोस्ट पर हमला करने का प्रयास किया और तीसरे आतंकवादी ने हवाई अड्डे की ओर से आ रही पुलिस वैन पर फ़ायरिंग कर दी। पाकिस्तानी सेना के मुताबिक़ इस आतंकी हमले में 5 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई जबकि 7 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
इस आतंकवादी हमले में एफसी कर्मियों को कोई नुक़सान नहीं पहुंचा है। आतंकवादियों के ख़िलाफ़ सुरक्षा बलों और पुलिसकर्मियों द्वारा की गई जवाबी कार्यवाही में तीन आतंकवादियों के मारे जाने की भी सूचना है। दूसरी ओर आतंकी हमले में घायल 7 पुलिसकर्मियों में 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। (RZ)