वाइट हाउस ने गिनवाईं ट्रम्प सरकार की उपलब्धियां
वाइट हाउस ने एक बयान जारी करके ट्रम्प सरकार की उपलब्धियों का वर्णन किया है।
वाइट हाउस के बयान में कहा गया है कि दाइश का विनाश, परमाणु समझौते से एकपक्षीय रूप में अमरीका का निकलना तथा अमरीकी दूतावास को तलेअवीव से बैतुल मुक़द्दस स्थानांतरित करने जैसे काम, ट्रम्प प्रशासन की उल्लेखनीय उपलब्धियां हैं।
इसी बयान में आगे यह दावा ही किया गया है कि डोनाल्ड ट्रम्प ने उत्तरी कोरिया के नेता किम जून ऊन के साथ भेंट में इस बात को सुनिश्चित किया कि उत्तरी कोरिया परमाणु निशस्त्रीकरण पर राज़ी हो जाए। वाइट हाउस का एक दावा यह भी है कि परमाणु समझौता या जेसीपीओए किसी भी स्थिति में स्वीकार योग्य नहीं था और ट्रम्प ने परमाणु समझौते से निकलकर अमरीका की सुरक्षा को सुनिश्चित किया।
वाइट हाउस की ओर से जारी इस बयान में यह दावा किया गया है कि संसार के समस्त राष्ट्र चाहे वे हमारे मित्र हो या शत्रु, अंततः इस बात को स्वीकार करेंगे कि वास्तव में अमरीका बहुत शक्तिशाली है।
वाइट हाउस ने अमरीका की ओर से दाइश के समर्थन पर आधारित पुष्ट प्रमाणों को अनेदखा करते हुए दाइश के विनाश को ट्रम्प प्रशासन की उपलब्धि बताया है। इसी प्रकार अमरीकी दूतावास को तेलअवीव से बैतुल मुक़द्दस स्थानांतरित करने के संबन्ध में होने वाले अन्तर्राष्ट्रीय विरोध की भी अनदेखी करते हुए इसे ट्रम्प प्रशासन की अन्य उपलब्धि गिनाया है।