हैटी के प्रधानमंत्री ने दिया त्यागपत्र
हैटी के प्रधानमंत्री "जैक गायला फोंटेंट" ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
रोएटर के अनुसार बीते सप्ताह ईंधन के दामों में बढ़ोतरी की वजह से हैती में कई जगह हिंसक प्रदर्शन हुए थे, जिसके बाद से वहां के प्रधानमंत्री पर इस्तीफा देने का दबाव था। फोंटेंट ने अपना इस्तीफा देते हुए निचले सदन में कहा कि मैंने राष्ट्रपति को अपना इस्तीफा दे दिया है जिसे स्वीकार कर लिया गया है।
हैटी के प्रधानमंत्री के इस्तीफे के ऐलान के बाद संसद के निचले सदन के स्पीकर गैरी बोडोउ ने ट्वीट करके राष्ट्रपति "जोवेनल मोस" से आम सहमति से प्रधानमंत्री चुनने को कहा है। बीते कुछ समय से प्रधानमंत्री के कामकाज पर सवाल खड़े हो रहे थे। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अगर फोंटेंट इस्तीफा नहीं देते, तो उन्हें अविश्वास मत का सामना करना पड़ सकता था। इस बीच संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने हैती में हो रहे हिंसक प्रदर्शनों की निंदा करते हुए सभी पक्षों से शांति बनाए रखने का आह्वान किया है।
हैटी में केरोसिन सहित ईंधन की बढ़ती कीमतों से आम जनता में रोष है, जिस वजह से देशभर में हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। पिछले सप्ताह , इस कैरेबियाई देश की सरकार ने ईंधन मूल्य वृद्धि के लिए योजनाओं की घोषणा की थी जिसमें तेल में 38 फीसद , डीजल में 47 फीसद और केरोसिन में 51 फीसद की वृद्धि की गई थी। सरकार के इस फैसले के खिलाफ हैटी में लगातार हिंसक प्रदर्शन हुए।