फ्लोरेंस टकराया अमरीकी तट से कई की मौत
अमेरिका में कैरोलिना के तट पर फ़्लोरेंस तूफान के टकराने के बाद अब तक कम से कम पांच लोगों की मौत हो चुकी है।
फ्लोरेंस तूफ़ान के कारण चारों तरफ सैकड़ों पेड़ उखड़ गए हैं, जबकि बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात पैदा हो चुके हैं। अमरीका के मौसम विभाग के अनुसार तूफ़ान के कारण हवा की रफ्तार लगभग 110 किलोमीटर प्रति घंटा है। उत्तरी कैरोलिना के विलमिंगटन इलाक़े में पेड़ गिरने से एक मां और बच्ची की मौत हो गई, जबकि दिल का दौरा पड़ने से एक महिला की जान चली गई। तूफान के कारण चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
फ़लोरेंस तूफ़ान के दृष्टिगत 17 लाख लोगों को प्रभावित इलाकों से सुरक्षित जगहों पर जाने की चेतावनी जारी की जा चुकी है। नॉर्थ कैरोलिना में तेज़ हवाओं के चलते एक होटल की छत नीचे गिर गई जहां से बाद में 60 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। तूफ़ान की वजह से कई जगहों पर ज़ोरदार बारिश भी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, नॉर्थ और साउथ कैरोलिना के कुछ जगहों पर 3.5 फीट तक बारिश हो सकती है.
ज्ञात रहे कि शुक्रवार को कैरोलिना में करीब नौ लाख घरों में बिजली नहीं थी। तूफ़ान के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि बिजली की आपूर्ति बहाल करने में कई दिन या फिर हफ्ते भी लग सकते हैं। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, नॉर्थ और साउथ कैरोलिना तथा वर्जीनिया के लिए पहले ही आपातकाल घोषित कर चुके हैं।