अमरीका, उत्तरी कोरिया के साथ वार्ता के लिए तैयारःपोम्पियो
माइक पोम्पियो का कहना है कि हम उत्तरी कोरिया के साथ वार्ता के लिए तैयार हैं।
अमरीकी विदेशमंत्री ने कहा है कि उत्तरी कोरिया के परमाणु निशस्त्रीकरण की स्थिति में इस देश के साथ हम तुरंत वार्ता के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अमरीका सन 2021 तक पूर्ण परमाणु निशस्त्रीकरण और संबन्धों में सुधार के लिए उत्तर कोरिया के साथ वार्ता करने के लिए तैयार हैं। अमरीकी विदेशमंत्री ने एक बयान जारी करके पियुंगयांग के अधिकारियों से मांग की है कि वे वाइट हाउस के विशेष दूत स्टीव बेगन के साथ वार्ता करें।
उन्होंने उत्तरी कोरिया के नेता किम जुंग उन की ओर से परमाणु निशस्त्रीकरण के बारे में दिये गए बयान की ओर संकेत करते हुए कहा कि उत्तरी कोरिया के परमाणु निशस्त्रीकरण की प्रक्रिया अन्तर्राष्ट्रीय एवं अमरीकी निरीक्षकों में की जाए। पोम्पियो के अनुसार केवल इसी प्रकार ही उत्तरी कोरिया का परमाणु निश्सत्रीकरण संभव है।
ज्ञात रहे कि अमरीका तथा उत्तरी कोरिया के बीच एक साल तक के वाक युद्ध के बाद 12 जून 2018 को सिंगापुर में ट्रम्प तथा किम जून उन के बीच वार्ता हुई थी। हालांकि दोनो नेताओं ने सिंगापुर में वार्ता की किंतु इसके बावजूद अमरीका और उत्तरी कोरिया के संबन्ध अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं।