अमरीका, अफ़ग़ानिस्तान से अपने सैनिक निकालने को तैयार
https://parstoday.ir/hi/news/world-i69072-अमरीका_अफ़ग़ानिस्तान_से_अपने_सैनिक_निकालने_को_तैयार
अफ़ग़ानिस्तान के अधिकारियों ने कहा कि अमरीका, अफ़ग़ानिस्तान से अपने सैनिकों को निकालने पर वार्ता के लिए तैयार हो गया है।
(last modified 2023-11-29T05:45:15+00:00 )
Oct १६, २०१८ १२:४७ Asia/Kolkata
  • अमरीका, अफ़ग़ानिस्तान से अपने सैनिक निकालने को तैयार

अफ़ग़ानिस्तान के अधिकारियों ने कहा कि अमरीका, अफ़ग़ानिस्तान से अपने सैनिकों को निकालने पर वार्ता के लिए तैयार हो गया है।

अलजज़ीरा टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार दोहा में तालेबान के प्रतिनिधियों से सीधी वार्ता में अमरीका ने इस बात पर सहमति व्यक्त की है। इस हवाले से तालेबान के दो अधिकारियों ने अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर अलजज़ीरा को बताया कि अमरीकी राजदूत ज़लमी ख़लीलज़ाद से तालेबान प्रतिनिधियों की मुलाक़ात में अफ़ग़ानिस्तान में 17 साल युद्ध की समाप्ति के लिए तालेबान की शर्तों पर विचार विमर्श किया।

एक अधिकारी का कहना था कि 6 सदस्यीय अमरीकी प्रतिनिधि मंडल हमारे तालेबान नेताओं से मुलाक़ात के लिए दोहा आया, जहां वह विदेशी सैनिकों के निष्कासन सहित अन्य मामलों पर विचार विमर्श करने के लिए तैयार हुआ किन्तु यह एक आरंभिक मुलाक़ात की जिसमें समस्त मामलों पर विस्तार के बजाए संक्षेप में चर्चा हुई, इस संबंध में भविष्य में और अधिक वार्ताओं की आशा है।

तालेबान की ओर से अफग़ानिस्तान से विदेशी सैनिकों के निष्कासन के अलावा जो शर्तें हैं, उनमें तालेबान नेतृत्व पर प्रतिबंधों की समाप्ति, अफ़ग़ानिस्तान में क़ैद उनके लड़ाकों की रिहाई और आधिकारिक रूप से एक राजनैतिक कार्यालय की स्थापना है।

ज्ञात रहे कि 2013 में अमरीका की अपील पर शांति वार्ता के लिए दोहा में तालेबान के कार्यालय की स्थापना की गयी किन्तु इसे ही शीघ्र ही उस समय बंद करना पड़ा जब इस कार्यालय के बाहर लगे झंडे के कारण दबाव का सामना करना पड़ा क्योंकि यह वही झंडा था जो अफ़ग़ानिस्तान में तालेबान की सरकार के दौर में लहराया गया था।

अफ़ग़ान राष्ट्रपति अशरफ़ ग़नी की ओर से तालाबन को वार्ता का निमंत्रण देने के बावजूद तालेबान ने अफ़ग़ान सरकार से वार्ता से इनकार किया था और अफ़ग़ान सरकार को अमरीका की कठपुतली क़रार दिया था। (AK)