शरणार्थियों के विरुद्ध फिर कड़े हुए ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शरणार्थियों पर कड़ा रुख अपनाया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमरीका में घुसने की कोशिश कर रहे अवैध प्रवासियों को अब सीमा पर ही पकड़ लिया जाएगा। ट्रंप ने कहा कि पकड़े गए प्रवासियों को रिहा नहीं किया जाएगा।
आजतक के अनुसार अवैध शरणार्थियों के लिए पकड़ो और रिहा करो की नीति में अहम बदलाव का एलान करते हुए ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि अमेरिकी अदालत की ओर से उनकी शरण की अर्जी पर फैसला सुनाने के बाद ही उन्हें रिहा किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि अगर फैसला उनके पक्ष में नहीं आता तो शरणार्थियों को उनके मूल देश भेज दिया जाएगा। अमरीका में राजनीतिक रूप से महत्व रखने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले नीति को लेकर यह भाषण तब दिया गया है जब ऐसा अनुमान है कि तीन लैटिन अमेरिकी देशों अल साल्वाडोर, होंडुरास और ग्वाटेमाला से पांच हज़ार से सात हज़ार के बीच शरणार्थियों का काफिला अमेरिका की ओर बढ़ रहा है। ट्रंप ने उन्हें रोकने के लिए दक्षिण-पश्चिम सीमा पर सेना की तैनाती की है।
ट्रंप ने कहा कि इस समय शरणार्थियों का बड़ा काफिला हमारी दक्षिणी सीमा की ओर बढ़ रहा है। ट्रंप का कहना था कि अमेरिका की ओर बढ़ रहा काफिला अगर सैनिकों पर पत्थर बरसाता है तो सेना उनपर गोलियां चला सकती है। ट्रंप ने कहा कि हम अपने देश में अब उन्हें रिहा करने नहीं जा रहे हैं। उन्हें लंबा इंतजार करना होगा। हम बड़े शहरों को छावनी में बदल रहे हैं और सेना अद्भुत तरीके से हमारी मदद कर रही है।