अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प पर मुक़दमा दर्ज
https://parstoday.ir/hi/news/world-i71715-अमेरिकी_राष्ट्रपति_डोनल्ड_ट्रम्प_पर_मुक़दमा_दर्ज
अमेरिकी इतिहास का सबसे लंबा शटडाउन जारी है और अब इस शटडाउन ने नया रुख़ ले लिया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jan १३, २०१९ १०:५८ Asia/Kolkata
  • अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प पर मुक़दमा दर्ज

अमेरिकी इतिहास का सबसे लंबा शटडाउन जारी है और अब इस शटडाउन ने नया रुख़ ले लिया है।

प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार मेक्सिको सीमा पर दीवार के लिए बजट को लेकर अमेरिका में 22 दिसंबर से शटडाउन की स्थिति है और अब शटडाउन के बुरे प्रभाव सामने आना शुरू हो गए हैं, जिसका ताज़ा उदाहरण अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज होना है। अमेरिकी मीडिया के मुताबिक़, अमेरिकी एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल एसोसिएशन ने देश के इतिहास के सबसे लंबे समय तक चलने वाले शटडाउन के कारण अब राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प और अन्य अधिकारियों के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज करा दिया है।

अमेरिका के एक न्यायालय में दायर मुक़दमे में इस बात का उल्लेख किया गया है कि शटडाउन के कारण देश के सरकारी कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया जा रहा है और वेतन के बिना कोई कर्मचारी काम करने को तैयार नहीं है जबकि कुछ सरकारी कंपनियों के कर्मचारियों का कहना है कि उनपर इस बात का दबाव बनाया जा रहा है कि बिना वेतन काम करें नहीं तो नौकरी से हाथ धो बैठेंगे।

याद रहे कि अमेरिका में जारी आंशिक शटडाउन 23वें दिन में प्रवेश कर गया है जिसके कारण अब तक आठ लाख से अधिक लोगों को वेतन नहीं मिल सका है। शटडाउन की वजह से लाखों लोगों को आंशिक रूप से घर भेज दिया गया है और हज़ारों लोग बिना वेतन के काम करने को मजबूर हैं।

ज्ञात रहे कि अमेरिकी राष्ट्रपति की ओर से मेक्सिको की सीमा पर दीवार निर्माण के लिए बजट को लेकर की जा रही ज़िद और साथ ही ट्रम्प ने यह भी कह दिया है कि बजट की मंज़ूरी न होने तक वह शटडाउन को महीनों नहीं बल्कि वर्षों तक भी जारी रख सकते हैं। अमेरिका में जारी शटडाउन अमेरिकी इतिहास का सबसे लंबा शटडाउन है। इससे पहले वर्ष 1996 में बिल क्लिंटन के शासनकाल में 21 दिन का शटडाउन हुआ था। (RZ)