ट्रम्प ने डेमोक्रेट को शटडाउन का ज़िम्मेदार क़रार दिया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर डेमोक्रेट को अमेरिका में जारी इस देश के इतिहास के सबसे लंबे शटडाउन का ज़िम्मेदार ठहराया है।
“हिल” समाचार के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने डेमोक्रेट के रवैये की कड़े शब्दों में आलोचना करते हुए कहा है कि वह मेक्सिको से मिलने वाली अमरीका की सीमा पर दीवार के निर्माण के बजट की स्वीकृति देकर शटडाउन समाप्त करा सकते हैं, लेकिन डेमोक्रेट ऐसा न करके यह सिद्ध कर रहे हैं कि उनका मुख्य उद्देश्य सरकारी शटडाउन को जारी रखना है ताकि अमेरिकी जनता को अधिक से अधिक कठिनाईयों का सामना करना पड़े। उन्होंने एक बार फिर अपनी ज़िद को दोहराते हुए कहा कि जब तक डेमोक्रेट सदस्य, दीवार निर्माण के बजट को मंज़ूरी नहीं देते, सरकार का कामकाज ठप रहेगा।
दूसरी ओर प्रतिनिधि सभा की प्रमुख नेन्सी पेलोसी ने कहा कि हम इस प्रयास में हैं कि अमेरिकी सरकार का शटडाउन जल्द समाप्त हो। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प को अपनी ज़िद छोड़नी होगी क्योंकि यह सारी समस्याएं उनकी ऐसी ज़िद के कारण हैं जो कभी पूरी नहीं होगी।
ज्ञात रहे कि ट्रम्प की सरकार 22 दिसम्बर 2018 को मेक्सिको की सीमा पर दीवार के निर्माण के लिए 5.6 अरब डॉलर के बजट को कांग्रेस में स्वीकृति न मिलने के बाद से आंशिक शटडाउन की स्थिति में है। इसके चलते अमेरिका के सरकारी कार्यालयों में कामकाज ठप पड़ा है और कम से कम आठ लाख सरकारी कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है साथ ही बहुत से लोग बेरोज़गार भी हो गए हैं। (RZ)