360 भारतीय क़ैदियों को आज़ाद करेंगेः पाकिस्तान
पाकिस्तान ने घोषणा की है कि सद्भावना के तौर पर इस महीने 360 भारतीय कैदियों को चार चरणों में रिहा करेगा। पाकिस्तान के अनुसार इनमें अधिक्तर मछुआरे हैं।
हिंदुस्तान के अनुसार पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने कहा कि भारतीय मछुआरों को रिहा करने की प्रक्रिया आठ अप्रैल को शुरू होगी। मोहम्मद फैसल के अनुसार पहले दिन 100 मछुआरे छोड़े जाएंगे। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने कहा कि 15 अप्रैल को दूसरे चरण में 100 और भारतीय क़ैदी छोड़े जाएंगे। 22 अप्रैल को तीसरे चरण में 100 और भारतीय स्वतंत्र किये जाएंगे तथा 29 अप्रैल को चौथे चरण में बाकी अन्य 60 कैदी मुक्त किये जाएंगे।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने मीडिया से अपनी साप्ताहिक ब्रीफिंग में कहा कि हम सद्भावना के तौर पर ऐसा कर रहे हैं और आशा करते हैं कि भारत इसपर सकारात्मक प्रतिक्रिया दिखाएगा।
मोहम्मद फैसल ने कहा कि फिलहाल भारत में 347 पाकिस्तानी कैदी हैं और पाकिस्तान में 537 भारतीय कैदी हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान, 360 भारतीय कैदियों को छोड़ेगा जिनमें 355 मछुआरे और पांच अन्य नागरिक हैं। इन मछुआरों को कराची से लाहौर ले जाया जाएगा और फिर वाघा सीमा पर उन्हें भारतीय अधिकारियों के हवाले कर दिया जाएगा। ज्ञात रहे कि भारत और पाकिस्तान अक्सर मछुआरों को गिरफ्तार कर लेते हें क्योंकि अरब सागर में समुद्री सीमा का स्पष्ट सीमांकन नहीं है तथा मछुआरों के पास उनकी नौकाओं में सटीक अवस्थिति जानने के लिए उपयुक्त प्रौद्योगिकी नहीं होती है।