टेरीजा मे ने की इस्तीफा देने की घोषणा
ब्रिटिश प्रधानमंत्री टेरीजा मे ने शुक्रवार को इस्तीफा देने की घोषणा की है।
ब्रिटेन की संसद में ब्रेक्सिट मुद्दे पर बार-बार हार का सामना करने के बाद टेरीजा मे ने शुक्रवार को इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि वह सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पार्टी के नेता के रूप में 7 जून को अपना पद छोड़ेंगी। हालांकि वह नए उत्तराधिकारी चुने जाने तक प्रधानमंत्री बनी रहेंगी।
आउटलुक के अनुसार डाउनिंग स्ट्रीट में अपने संबोधन में टेरीजा मे ने कहा कि उन्होंने 2016 में हुए जनमत संग्रह के नतीजों का सम्मान करने के लिए अपनी ओर से पूरी कोशिश की। उन्होंने यह भी कहा कि ब्रेक्सिट में सफल न हो पाने का उन्हें 'गहरा दुख' रहेगा। टेरीजा मे ने कहा कि उन्होंने अपने ब्रेक्सिट सौदे के लिए समर्थन जुटाने के लिए पूरा प्रयास किया है लेकिन यह देश के हित में होगा कि अब नया प्रधानमंत्री प्रयासों को जारी रखे। टेरीजा मे ने हाल ही में ब्रेक्सिट की शर्तों से संबंधित विधेयक संसद में चर्चा के बाद इस्तीफा देने पर सहमति जताई थी। उनके इस्तीफे के पहले ही ब्रेक्सिट समर्थक कंजर्वेटिव नेता बोरिस जॉनसन ने प्रधानमंत्री पद के लिए दावा पेश किया था। हालांकि इसके बाद हाल ही में टेरीजा मे ने वादा किया था कि ब्रेक्जिट के लिए वह संसद में नया प्रस्ताव लाएंगी। उनके अनुसार यह पहले के मुकाबले अधिक आकर्षक और बेहतर होगा। टेरीजा मे ने भरोसा जताया था कि यूरोपियन यूनियन से अलगाव की शर्तों का यह प्रस्ताव, संसद स्वीकार करेगी।
यह प्रस्ताव जून के पहले सप्ताह में संसद में विचार के लिए पेश किया जाना था लेकिन, विपक्षी लेबर पार्टी ने संसद में इस नए प्रस्ताव का भी समर्थन नहीं करने का ऐलान किया थी। इसके बाद अब मे ने अपने पद से जून में इस्तीफा देने की तैयारी कर ली।