ट्रम्प का लंदन दौरा, ज़बरदस्त विरोध प्रदर्शन, 10 हज़ार पुलिसकर्मी तैनात
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के ब्रिटेन के दौरे का विरोध करने वाले ब्रिटिश नागरिकों ने ट्रम्प, उनकी पत्नी, बेटी और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जान बोल्टन के विरुद्ध उस समय ज़बरदस्त नारेबाज़ी की जब वह लंदन में प्रधानमंत्री हाऊस से बाहर निकल रहे थे।
लंदन से हमारे संवाददाता ने रिपोर्ट दी है कि दसियों हज़ार ब्रिटिश नागरिकों ने लंदन और मान्चेस्टर में अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के ब्रिटेन दौरे के विरुद्ध प्रदर्शन किए।
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में उस समय लंदन पहुंचे जब मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और युद्ध विरोधी संगठनों के लोग, उनके ब्रिटेन दौरे के विरुद्ध प्रदर्शन कर रहे थे।
प्रदर्शनकारियों में नस्लभेद का विरोध करने वाले संगठन, परमाणु हथियारों के विरुद्ध सक्रिय कार्यकर्ताओं और इस्लामी संगठनों के सदस्यों तथा ब्रिटेन की महत्वपूर्ण राजनैतिक और सामाजिक हस्तियों ने भी भाग लिया।
ट्रम्प के ब्रिटेन दौरे के विरुद्ध प्रदर्शन इस समय ब्रिटेन के लिए एक सुरक्षा मुद्दा बन गया है। लंदन में ट्रम्प के रहने के स्थान पर लोहे के बैरीकेट लगाए गये हैं और आसपास की सड़कों को बंद कर दिया गया है जबकि प्रदर्शनकारियों के दमन के लिए दस हज़ार से अधिक पुलिसकर्मी भी तैनात किए गये हैं। ट्रम्प की सुरक्षा पर 25 मिलियन पाउंड ख़र्च हुए हैं। (AK)