अमेरिकी क़दम तनाव में वृद्धि का कारण हैः रूस
रूस के विदेशमंत्री ने कहा कि वाशिंग्टन विश्व व्यापार की गतिविधियों को सीमित करने और प्रतिबंधों के माध्यम से अपने दृष्टिकोणों को दूसरों पर थोपने का प्रयास कर रहा है।
रूस के विदेशमंत्री ने कहा है कि परमाणु समझौते से अमेरिका का निकल जाना क्षेत्रीय तनाव में वृद्धि का कारण बना है।
अलजज़ीरा टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार सर्गेई लावरोफ़ ने गुरूवार को कहा कि अमेरिका का ईरान के साथ होने वाले परमाणु समझौते से निकलना पश्चिम एशिया और विश्व में तनाव में वृद्धि का कारण बना है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और उसके घटकों का अतार्किक व्यवहार पश्चिम एशिया और उत्तरी अफ्रीका में त्रासदी का कारण बना है।
इसी प्रकार लावरोफ़ ने कहा कि पश्चिम, एकपक्षीय व्यवहार कर रहा है जबकि इस समय की चुनौतियों से मुकाबले के लिए एक दूसरे की सहकारिता ज़रूरी है।
रूस के विदेशमंत्री ने कहा कि वाशिंग्टन विश्व व्यापार की गतिविधियों को सीमित करने और प्रतिबंधों के माध्यम से अपने दृष्टिकोणों को दूसरों पर थोपने का प्रयास कर रहा है।
ज्ञात रहे कि तीन यूरोपीय देशों ब्रिटेन, जर्मनी और फ्रांस ने मंगलवार को ऐसी स्थिति में परमाणु समझौते के बारे में मतभेद तंत्र या डिस्प्यूट मैकेनिज़्म को सक्रिय किया जब एक पक्षीय रूप से अमेरिका के परमाणु समझौते से निकल जाने के बाद यूरोप ने इस समझौते में अपने किसी भी वचन पर अमल नहीं किया और व्यवहारिक रूप से उसने अमेरिका की हां में हां मिलाकर इस समझौते को प्रभावहीन बना दिया है। MM