लंदन की एक मस्जिद में नमाज़ के दौरान हमला
https://parstoday.ir/hi/news/world-i84313-लंदन_की_एक_मस्जिद_में_नमाज़_के_दौरान_हमला
सेंट्रल लंदन की रीजेंट पार्क मस्जिद में 29 वर्षीय एक हमलावर ने एक नमाज़ी को चाक़ू मारकर बुरी तरह से घायल कर दिया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Feb २१, २०२० ०९:५० Asia/Kolkata
  • लंदन की एक मस्जिद में नमाज़ के दौरान हमला

सेंट्रल लंदन की रीजेंट पार्क मस्जिद में 29 वर्षीय एक हमलावर ने एक नमाज़ी को चाक़ू मारकर बुरी तरह से घायल कर दिया है।

पुलिस ने हमलावर को गिरफ़्तार कर लिया है और वह इस हमले की वजह जानने की कोशिश कर रही है।

70 वर्षीय घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत ख़तरे से बाहर बताई है।

लंदन पुलिस का कहना है कि गुरुवार की शाम हुए इस हमले को वह आतंकवादी हमला मानकर जांच नहीं कर रही है।

ऑनलाइन पोस्ट होने वाली तस्वीरों में देखा जा सकता है कि पुलिस ने मस्जिद में लाल जैकेट पहने हमलावर को नीचे गिराकर दबोच रखा है और निकट ही एक कुर्सी के नीचे हमलावर का चाक़ू पड़ा हुआ है।

रीजेंट पार्क मस्जिद ने एक बयान जारी करके बताया है कि घायल होने वाला बूढ़ा व्यक्ति मोअज़्ज़िन था। (मस्जिद में अज़ान देने वाला)

अस्र (शाम) की अज़ान देने के बाद, जैसे ही मोअज़्ज़िन ने नमाज़ पढ़ना शुरू की, पीछे खड़े युवक ने चाक़ू से उनकी गर्दन पर वार कर दिया।

रीजेंट पार्क मस्जिद के मुख्य प्रबंधक अहमद अल-दुबयान का कहना है कि हम इस हमले से स्तब्ध हैं, हमें इस हमले की वजह की कोई जानकारी नहीं है।

ब्रिटेन की मुस्लिम परिषद ने हमले की निंदा करते हुए इस घटना को बहुत ही अफ़सोसनाक क़रार दिया है।

लंदन के मेयर सादिक़ ख़ान ने भी हमले पर गहरी चिंता ज़ाहिर करते हुए कहा है कि पुलिस, इस इलाक़े में सुरक्षा बढ़ाएगी।

ब्रिटिश प्रधान मंत्री बोरिस जॉनसन ने हमले पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ितों के साथ हमदर्दी जताई है।

हमले के वक़्त मस्जिद में मौजूद लोगों का कहना है कि हमलावर पिछले कई महीनों से रोज़ इस मस्जिद में आ रहा था। msm